सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, UPSC ने 200 से ज्यादा पदों पर निकाली वैकेंसी

UPSC Recruitment 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख प्रशासन के तहत कई पदों पर सीधी भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है.

UPSC Recruitment 2026 Apply Online 212 Vacancies Details
Image Source: Social Media

UPSC Recruitment 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख प्रशासन के तहत कई पदों पर सीधी भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 212 पद भरे जाएंगे. इनमें स्पेशलिस्ट ग्रेड 3, असिस्टेंट प्रोफेसर, असिस्टेंट एडिटर, स्पेशलिस्ट ग्रेड 2 और असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर समेत कई पद शामिल हैं. आवेदन प्रक्रिया 12 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है.

2 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार UPSC के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं. लद्दाख प्रशासन के पदों को छोड़कर अन्य सभी पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 2 अक्टूबर 2026 शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है. वहीं, लद्दाख प्रशासन के तहत आने वाले पदों के लिए उम्मीदवार 9 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे.

212 पदों में कौन-कौन सी वैकेंसी?

भर्ती अभियान में कुल 7 अलग-अलग तरह के पद शामिल हैं. स्पेशलिस्ट ग्रेड 3 असिस्टेंट प्रोफेसर के 4 पद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत हैं, जिनमें पे लेवल-11 के साथ एनपीए का प्रावधान है. स्पेशलिस्ट ग्रेड 3 असिस्टेंट प्रोफेसर (जनरल मेडिसिन) के 60 पद हैं, जिनमें 3 पद पीडब्ल्यूबीडी कैटेगरी के लिए आरक्षित हैं. इसके अलावा भारतीय खान ब्यूरो, खान मंत्रालय में असिस्टेंट एडिटर के 2 पद हैं.

असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के 140 पद

एनडीएमसी में स्पेशलिस्ट ग्रेड 2 (जूनियर स्केल) एनेस्थिसियोलॉजी और पेडियाट्रिक्स के एक-एक पद पर भर्ती होगी. इस अभियान में सबसे ज्यादा 140 पद असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के हैं, जो दिल्ली सरकार के गृह विभाग के अभियोजन निदेशालय के तहत हैं. वहीं, लद्दाख प्रशासन के कानून एवं न्याय विभाग में पब्लिक लॉ ऑफिसर के 4 पद हैं. सभी पदों को मिलाकर कुल 212 रिक्तियां हैं.

आवेदन करने के लिए क्या करना होगा?

उम्मीदवारों को आवेदन से पहले UPSC के ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध जनरल इंस्ट्रक्शन, प्रोफाइल-मॉड्यूल वाइस इंस्ट्रक्शन और डॉक्यूमेंट अपलोड करने से जुड़ी गाइडलाइन ध्यान से पढ़नी होगी. इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर, कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म और संबंधित पद का पोस्ट-वैकेंसी-स्पेसिफिक मॉड्यूल पूरा करना होगा. जन्म तिथि, कैटेगरी और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी निर्धारित तरीके से जमा करने होंगे.

दस्तावेज नहीं दिए तो रद्द हो सकता है आवेदन

UPSC ने स्पष्ट किया है कि कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म के साथ जरूरी जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित पद के लिए उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है. अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा, वेतन और आरक्षण की शर्तें अलग हैं. इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित विज्ञापन में अपने पद की पात्रता और अन्य सभी शर्तों की जांच जरूर करनी चाहिए.

ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस-CAPF में 1871 पदों पर भर्ती, 30 सितंबर तक करें आवेदन, जानें योग्यता और सैलरी