Kal Ka Mausam: कहीं बारिश, कहीं आंधी-तूफान... 14 सितंबर को इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

Kal Ka Mausam 14 September: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 सितंबर के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है.

Kal Ka Mausam imd-weather-alert-14-september-heavy-rain-winds-thunderstorm
Image Source: ANI

Kal Ka Mausam 14 September: देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 सितंबर के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है. गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है, जबकि दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई इलाकों में भी मौसम करवट ले सकता है.

गुजरात में सबसे ज्यादा बारिश की आशंका

पश्चिमी भारत में गुजरात 14 सितंबर को मौसम की सबसे ज्यादा मार झेल सकता है. IMD के मुताबिक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-NCR से राजस्थान और MP तक बारिश का जोर

उत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में भी तेज बारिश के कारण जलभराव जैसी स्थिति बनने की आशंका है. दिल्ली-NCR में भी बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

ओडिशा से केरल तक कई राज्यों में अलर्ट

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल के साथ केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है. यानी 14 सितंबर को देश के कई राज्यों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

बारिश के साथ दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं. आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. आंध्र प्रदेश में तेज सतही हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है.

दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी और बिजली का खतरा

IMD ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, केरल, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, छत्तीसगढ़, गुजरात और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर बिजली चमकने का खतरा रहेगा.

समुद्र में भी बिगड़ेगा मौसम

समुद्री इलाकों में भी मौसम चुनौतीपूर्ण रहने वाला है. सोमालिया तट और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. गुजरात तट और उत्तरी महाराष्ट्र तट के पास भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. खराब समुद्री परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें: गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा ऐलान, बोले - 21 राज्यों में 2029 से पहले यूनिफॉर्म सिविल कोड करेंगे लागू