Air India Flight: भोपाल-दिल्ली फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन फेल होने की सूचना से मचा हड़कंप

Air India Flight Emergency Landing: भोपाल से दिल्ली जा रही AI-1886 फ्लाइट को इंजन फेल होने की सूचना के बाद जयपुर डायवर्ट किया गया, जहां 140 यात्रियों के साथ विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.

air-india-flight-emergency-landing-jaipur-engine-failure-update
Image Source: Internet

Air India Flight Emergency Landing: भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1886 को रविवार को अचानक जयपुर की ओर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. उड़ान के दौरान विमान में इंजन से जुड़ी तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने के बाद पायलट ने एहतियात बरतते हुए जयपुर एयरपोर्ट पर विमान उतारने का फैसला किया. विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकालकर अराइवल हॉल में पहुंचाया गया.

140 यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट AI-1886 में करीब 140 यात्री सवार थे. विमान ने भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से सुबह 8:47 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, जबकि इसका निर्धारित टेकऑफ समय सुबह 8:25 बजे था. इसे सुबह 9:55 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन रास्ते में तकनीकी समस्या की सूचना के बाद विमान को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया. जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से उतार लिया गया.

इंजन फेलियर की आधिकारिक पुष्टि बाकी

सूत्रों के हवाले से विमान का इंजन फेल होने की जानकारी सामने आ रही है, हालांकि एयर इंडिया की ओर से फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. अब एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम विमान की तकनीकी जांच करेगी. जांच पूरी होने और विमान को उड़ान के लिए फिट घोषित किए जाने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर फैसला लिया जाएगा.

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना

इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी. विमान के कार्गो सेक्शन में धुएं का अलार्म बजने के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और अनुमति मिलने के बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया. लैंडिंग के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और विमान की जांच की गई.

शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले थे. इसके बाद टीम ने इस बात की जांच शुरू की कि आखिर धुएं का अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ. एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1886 की जयपुर में हुई इमरजेंसी लैंडिंग के मामले में भी अब तकनीकी जांच के बाद ही इंजन से जुड़ी खराबी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें- कागज के टुकड़े पर लिखा मिला ‘Bomb’... सऊदी अरब जा रहे IndiGo विमान की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग