केंद्र की भाजपा सरकार के बाद अब पार्टी शासित राज्यों में भी समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संकेत दिया है कि 2029 से पहले भाजपा शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा. यानी आने वाले समय में UCC का मुद्दा राज्यों की राजनीति और नीतिगत फैसलों में और अहम भूमिका निभा सकता है. भाजपा के इस रुख से साफ है कि पार्टी इसे अपने प्रमुख एजेंडे में आगे भी बनाए रखने की तैयारी में है.
"NDA सरकारें 2029 से पहले UCC लागू करेंगी"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि 21 राज्यों में बीजेपी के नेतृत्व वाली NDA सरकारें 2029 से पहले यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करेंगी. इस दौरान उन्होंने पिछले 12 सालों में केंद्र की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की 25 साल की यात्रा पर भी बात की. शाह ने कहा कि तीन तलाक को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं. हमने कई राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किया है और मुझे भरोसा है कि BJP-NDA शासित 21 राज्यों में हम 2029 से पहले UCC लागू कर देंगे.
उन्होंने कहा कि सरकार ने 'भारतीय न्याय संहिता' के माध्यम से देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को मजबूत किया है और दावा किया कि कई राज्यों में एक ही साल में सजा दिलाने की दर (कनविक्शन रेट) में 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए एक सिस्टम बनाया जा रहा है कि तीन साल के भीतर न्याय मिल सके.
राष्ट्रीय सुरक्षा पर शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35A को बिना एक भी बूंद खून बहे या एक भी गोली चले हटाया गया, और कश्मीर अब पूरी तरह से भारत के साथ जुड़ गया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने पांच दशकों से चले आ रहे नक्सलवाद को खत्म किया है और देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में 14 से अधिक शांति समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं.
शाह ने कहा, 9,000 से ज़्यादा लोगों ने सरेंडर किया है और आज हमने नॉर्थ-ईस्ट को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति स्थापित की है.
एक महीने तक चलेगा 'सेवा संकल्प अभियान'
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को पड़ने वाले जन्मदिन को भाजपा बड़े सेवा अभियान के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में 'सेवा संकल्प अभियान' चलाने की योजना है. अमित शाह के मुताबिक, यह अभियान सिर्फ भाजपा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सहयोगी दलों, एनडीए के घटक दलों, स्वयंसेवी संगठनों और आम लोगों की भागीदारी भी इसमें होगी. अभियान के जरिए सेवा गतिविधियों को केंद्र में रखते हुए देशभर में लोगों तक पहुंच बनाने की कोशिश की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Air India Flight: भोपाल-दिल्ली फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन फेल होने की सूचना से मचा हड़कंप