Diwali Chhath Special Trains: दिवाली और छठ का त्योहार आते ही बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग तेजी से बढ़ने लगती है. देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लाखों लोग इन त्योहारों पर अपने घर लौटते हैं. इस बार भी जैसे ही एडवांस टिकट बुकिंग शुरू हुई, IRCTC की वेबसाइट और ऐप पर यात्रियों की परेशानी सामने आने लगी. कई लोगों ने बुकिंग के दौरान ‘High System Load’, ‘Error’ और ‘Regret’ जैसे मैसेज आने की शिकायत की.
टिकट बुकिंग शुरू होते ही IRCTC पर बढ़ा लोड
13 सितंबर को सुबह 8 बजे 12 नवंबर 2026 की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग शुरू हुई. बुकिंग विंडो खुलते ही कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर IRCTC की सर्विस को लेकर शिकायतें कीं. यात्रियों के मुताबिक, वे समय पर लॉग इन करने के बावजूद टिकट बुक नहीं कर सके और बार-बार सिस्टम एरर दिखाई देता रहा. कुछ यात्रियों ने बताया कि साइट कुछ देर तक बेहद धीमी रही, जबकि सिस्टम सामान्य होने तक कई ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं थीं.
कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी इस समस्या का संज्ञान लेने की मांग की. यात्रियों का कहना था कि दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान बिहार जाने के लिए लोग पहले से तैयारी करते हैं, लेकिन बुकिंग के वक्त सिस्टम की परेशानी के कारण उन्हें टिकट नहीं मिल पा रहा है.
कुछ ही मिनटों में दिखने लगा ‘REGRET’
यात्रियों के अनुसार, बुकिंग शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद कई ट्रेनों में ‘REGRET’ का मैसेज दिखाई देने लगा. कुछ ट्रेनों की अलग-अलग क्लास में वेटिंग भी 100 और 200 के पार पहुंच गई. यही वजह है कि त्योहार के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों की चिंता बढ़ गई है.
रेलवे के Advance Reservation Period यानी ARP नियम के तहत नियमित ट्रेन टिकट यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले बुक किए जा सकते हैं. टिकट बुकिंग की शुरुआत सुबह 8 बजे होती है. इसी नियम के तहत 12 नवंबर 2026 की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग 13 सितंबर को सुबह 8 बजे शुरू हुई थी.
बिहार के लिए रेलवे ने चलाईं 8 स्पेशल ट्रेनें
त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिहार के अलग-अलग शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. ये ट्रेनें 16 सितंबर से 30 नवंबर के बीच अलग-अलग रूट पर संचालित होंगी. दिल्ली, आनंद विहार समेत देश के कई बड़े शहरों से बिहार के विभिन्न स्टेशनों के लिए यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं का विकल्प मिलेगा.
दिल्ली से सीतामढ़ी के लिए स्पेशल ट्रेन हर गुरुवार 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक चलेगी, जबकि सीतामढ़ी से दिल्ली वापसी की ट्रेन हर शनिवार 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक संचालित होगी. ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन हर रविवार 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक और वापसी में मुजफ्फरपुर से ऋषिकेश के लिए हर सोमवार 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी.
चंडीगढ़ से पटना के लिए स्पेशल ट्रेन हर गुरुवार 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगी और पटना से चंडीगढ़ वापसी सेवा हर शुक्रवार 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक रहेगी. फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए ट्रेन हर मंगलवार 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक और पटना से फिरोजपुर कैंट के लिए हर बुधवार 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक सेवा उपलब्ध रहेगी.
आनंद विहार से जोगबनी के लिए स्पेशल ट्रेन हर शनिवार 10 अक्टूबर से 7 नवंबर तक चलेगी, जबकि वापसी में जोगबनी से आनंद विहार के लिए ट्रेन हर रविवार 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक चलेगी. इसके अलावा आनंद विहार से मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन हर मंगलवार और शुक्रवार 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगी और वापसी में मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के लिए हर बुधवार और शनिवार 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक सेवा रहेगी.
आनंद विहार से पाटलिपुत्र के लिए रोजाना स्पेशल ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलेगी. इसकी वापसी सेवा पाटलिपुत्र से आनंद विहार के लिए रोजाना 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक संचालित होगी. वहीं आनंद विहार से लौकहा बाजार के लिए ट्रेन 16 सितंबर से 29 नवंबर तक और वापसी में लौकहा बाजार से आनंद विहार के लिए 17 सितंबर से 30 नवंबर तक ट्रेन चलेगी.
त्योहारों पर बढ़ सकती है ट्रेनों की संख्या
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए नॉर्दर्न रेलवे ने भी स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है. आने वाले दिनों में बिहार के अलावा दूसरे प्रमुख रूटों पर भी अतिरिक्त ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. ऐसे में दिवाली और छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनें राहत का विकल्प बन सकती हैं.
ये भी पढ़ें- दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए बड़ी खबर! 20 स्पेशल ट्रेनें घोषित, कंफर्म टिकट के लिए न करें देरी