BRICS 2026: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को ब्रिक्स नेताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स देशों के नेताओं, सम्मेलन में शामिल होने वाले दूसरे देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के लिए डिनर का आयोजन किया था. हालांकि, शी जिनपिंग इस कार्यक्रम में नजर नहीं आए. अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद भी डिनर में शामिल नहीं हुए. वह दिन में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद वापस लौट गए थे.
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद होटल लौट गए थे जिनपिंग
शी जिनपिंग के रात्रिभोज में शामिल नहीं होने की वजह शुरुआत में साफ नहीं थी. हालांकि, एक सूत्र के मुताबिक, चीन के राष्ट्रपति आराम करने के लिए अपने होटल वापस चले गए थे. शी जिनपिंग शनिवार दोपहर ही नई दिल्ली पहुंचे थे. इसके बाद उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की. वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत ब्रिक्स के दूसरे नेताओं ने डिनर में हिस्सा लिया.
केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के सीएम भी पहुंचे
रात्रिभोज में कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए. अमित शाह, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव, शिवराज सिंह चौहान, सर्बानंद सोनोवाल और किरेन रिजिजू समेत कई केंद्रीय मंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच संसद भवन परिसर से दो बसों में डिनर स्थल के लिए रवाना हुए.
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी रहे मौजूद
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी डिनर में पहुंचे. इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के शुभेंदु अधिकारी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल रहीं. सभी केंद्रीय मंत्रियों के साथ बसों में सवार होकर रात्रिभोज के आयोजन स्थल भारत मंडपम पहुंचे.