कहां और किस हाल में हैं ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई? पेजेश्कियान ने भारत में बैठकर दिया जवाब

BRICS समिट 2026 में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान लगातार चर्चा में हैं. वह सम्मेलन में पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट पर खुलकर अपनी बात रख रहे हैं.

Where is Irans Supreme Leader Mojtaba Khamenei Pezeshkian answers
Image Source: ANI

नई दिल्ली: BRICS समिट 2026 में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान लगातार चर्चा में हैं. वह सम्मेलन में पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट पर खुलकर अपनी बात रख रहे हैं. पेजेश्कियान ने अमेरिका की नीतियों और एकतरफा प्रतिबंधों का भी विरोध किया है. उन्होंने ईरान पर लगाए गए पश्चिमी देशों के आर्थिक प्रतिबंधों को अमानवीय बताया और BRICS देशों से इसके खिलाफ आवाज उठाने की अपील की. इसी दौरान उन्होंने ईरान के सुप्रीम लीडर को लेकर भी अहम जानकारी दी.

ईरान के सुप्रीम लीडर कहां और कैसे हैं?

इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में जब पेजेश्कियान से पूछा गया कि ईरान के सुप्रीम लीडर कहां हैं और उनकी हालत कैसी है, तो उन्होंने इसका जवाब दिया. उन्होंने कहा कि शुक्र है कि देश के सर्वोच्च नेता जिंदा हैं और अपना काम कर रहे हैं. पेजेश्कियान ने कहा कि जब उनके बारे में जानकारी नहीं मिल पाती है तो तरह-तरह की अफवाहें और अटकलें शुरू हो जाती हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका जिसे चाहे निशाना बनाता है और बाद में उसे आतंकवादी बताने लगता है.

BRICS समिट में अमेरिका पर बरसे पेजेश्कियान

पेजेश्कियान ने कहा कि BRICS का गठन एकतरफा अमेरिकी प्रतिबंधों और अमेरिकी दबदबे का मुकाबला करने के लिए किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका अपनी मर्जी से किसी भी देश पर प्रतिबंध लगा देता है. उनके मुताबिक, BRICS देशों को इसका विरोध करना चाहिए और मिलकर काम करना चाहिए. उन्होंने सदस्य देशों से ऐसा व्यापार और वित्तीय सिस्टम तैयार करने की अपील की, जो किसी एक देश के फैसलों या अमेरिकी डॉलर पर निर्भर न रहे.

अमेरिका और इजरायल के दबाव में नहीं झुकेंगे

ईरानी राष्ट्रपति ने साफ कहा कि ईरान अमेरिका और इजरायल के दबाव, अहंकार या किसी भी तरह की दादागिरी के सामने झुकने वाला नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका युद्ध करना चाहता है तो उसे सीधे सैन्य ताकत से मुकाबला करना चाहिए. आम लोगों, बुनियादी ढांचे और खाने की सप्लाई को निशाना बनाना सही नहीं है. उन्होंने अमेरिका पर छिपकर हमला करने का आरोप भी लगाया.