उत्तराखंड में अफसर बनने का सुनहरा मौका, DSP और डिप्टी कलेक्टर समेत कई पदों पर भर्ती, जानें डिटेल्स

UKPSC PCS Recruitment 2026: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका सामने आया है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2026 के लिए भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.

UKPSC Civil Services Exam 2026 Recruitment 67 Posts
Image Source: ANI

UKPSC PCS Recruitment 2026: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका सामने आया है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2026 के लिए भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में ग्रुप-B के कुल 67 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 29 सितंबर रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. इसी तारीख तक आवेदन शुल्क जमा करने की भी समयसीमा तय की गई है.

DSP और डिप्टी कलेक्टर समेत कई पदों पर भर्ती

UKPSC की इस भर्ती में पुलिस उपाधीक्षक के सबसे ज्यादा 14 पद रखे गए हैं, जबकि डिप्टी कलेक्टर के 10 पद हैं. इसके अलावा सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के 8, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5-5 पद शामिल हैं. राज्य कर अधिकारी के 5, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी और संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव के 4-4 पद हैं. जिला कमांडेंट होमगार्ड, सहायक निदेशक कारखाना/बॉयलर समेत कई अन्य पद भी इस भर्ती का हिस्सा हैं.

67 पदों में आरक्षण का भी प्रावधान

कुल 67 रिक्तियों में 37 पद सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित हैं. अनुसूचित जाति के 13, अन्य पिछड़ा वर्ग के 11 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 6 पद हैं. भर्ती में उत्तराखंड की महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों के लिए नियमानुसार क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान भी लागू होगा. अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की पात्रता और आरक्षण से जुड़े नियमों को नोटिफिकेशन में जरूर जांच लें.

पद के हिसाब से मिलेगी अलग सैलरी

इस भर्ती के अधिकांश पद पे लेवल-10 के अंतर्गत आते हैं, जिन पर चयनित उम्मीदवारों को 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये तक वेतन मिलेगा. राज्य कर अधिकारी का पद पे लेवल-7 में है, जिसमें 44,900 से 1,42,400 रुपये तक वेतन निर्धारित है. वहीं केस वर्कर का पद पे लेवल-6 में आता है और इस पद के लिए 35,400 से 1,12,400 रुपये तक का वेतनमान तय किया गया है.

अलग-अलग पदों के लिए अलग योग्यता

अधिकांश पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी है, लेकिन कुछ पदों के लिए विशेष शैक्षणिक योग्यता मांगी गई है. सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के लिए कॉमर्स में ग्रेजुएशन, जबकि उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन आवश्यक है. सहायक निदेशक कारखाना/बॉयलर के लिए मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री और उद्यान विकास अधिकारी के लिए हॉर्टिकल्चर या कृषि से संबंधित डिग्री चाहिए. केस वर्कर पद के लिए समाजशास्त्र, एप्लाइड सोशियोलॉजी या सोशल वर्क में पोस्ट ग्रेजुएशन की योग्यता निर्धारित है.

प्रारंभिक परीक्षा से इंटरव्यू तक होगा चयन

UKPSC भर्ती में आवेदन की अंतिम तारीख 29 सितंबर है, जबकि आवेदन में सुधार के लिए 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी. उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा. प्रारंभिक परीक्षा में जनरल स्टडीज और जनरल एप्टीट्यूड के पेपर होंगे, जबकि मुख्य परीक्षा में हिंदी निबंध और सामान्य अध्ययन समेत निर्धारित विषयों के पेपर शामिल होंगे.

ये भी पढ़ें: रेलवे में नौकरी का शानदार मौका, पैरामेडिकल के 560 पदों पर वैकेंसी, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन