Railway Recruitment 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने पैरामेडिकल स्टाफ भर्ती 2026 का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. नोटिफिकेशन संख्या 05-2026 के तहत कुल 560 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि उम्मीदवार 14 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे. फिलहाल विस्तृत नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है, जिसमें परीक्षा और भर्ती से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी स्पष्ट होगी.
9 पैरामेडिकल कैटेगरी में होगी भर्ती
रेलवे की इस भर्ती में कुल 9 तरह के पैरामेडिकल पद शामिल किए गए हैं. इनमें नर्सिंग सुपरीटेंडेंट, फार्मासिस्ट, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर, लैब असिस्टेंट, रेडियोग्राफर-एक्स-रे टेक्नीशियन, ईसीजी टेक्नीशियन, डायलिसिस टेक्नीशियन, ऑप्टोमेट्रिस्ट और ऑडियोलॉजिस्ट एंड स्पीच थेरेपिस्ट के पद हैं. अलग-अलग पदों के लिए पे लेवल भी तय है. नर्सिंग सुपरीटेंडेंट लेवल-7, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर और डायलिसिस टेक्नीशियन लेवल-6, फार्मासिस्ट और रेडियोग्राफर-एक्स-रे टेक्नीशियन लेवल-5, ईसीजी टेक्नीशियन व ऑप्टोमेट्रिस्ट लेवल-4 और लैब असिस्टेंट लेवल-3 में शामिल हैं.
15 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
आरआरबी पैरामेडिकल भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे. उम्मीदवार आरआरबी के आधिकारिक आवेदन पोर्टल या संबंधित क्षेत्रीय आरआरबी की वेबसाइट के माध्यम से फॉर्म भर सकेंगे. आवेदन के दौरान व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करने के साथ फोटो, सिग्नेचर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. आवेदन शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन किया जा सकेगा.
आवेदन फीस और रिफंड का नियम
शॉर्ट नोटिफिकेशन के मुताबिक ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, ईबीसी, एक्स सर्विसमैन, पीडब्ल्यूबीडी, महिला, ट्रांसजेंडर और माइनॉरिटी कैटेगरी के उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा. सीबीटी में शामिल होने के बाद तय शर्तों के अनुसार शुल्क का एक हिस्सा वापस किया जाएगा. जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 400 रुपये तक, जबकि अन्य कैटेगरी को 250 रुपये तक रिफंड मिलने का प्रावधान है.
उम्र और योग्यता क्या चाहिए?
इस भर्ती में आवेदन के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर होगी और आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी. नर्सिंग सुपरीटेंडेंट के लिए जीएनएम या बीएससी नर्सिंग, फार्मासिस्ट के लिए फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा और रेडियोग्राफर-एक्स-रे टेक्नीशियन के लिए संबंधित विषय में डिप्लोमा जरूरी है. हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर के लिए बीएससी, केमिस्ट्री और एक साल का हेल्थ-सेनेटरी इंस्पेक्टर डिप्लोमा, जबकि लैब असिस्टेंट के लिए मेडिकल लैबोरेट्री टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा मांगा गया है.
CBT के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट
आरआरबी पैरामेडिकल भर्ती में चयन तीन चरणों में पूरा होगा. सबसे पहले उम्मीदवारों को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) देना होगा. इसके बाद सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और मेडिकल टेस्ट होगा. अंतिम चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा. अभी परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की गई है और उम्मीदवारों को भर्ती की विस्तृत जानकारी के लिए फुल नोटिफिकेशन का इंतजार करना होगा.
ये भी पढ़ें: MP Police Bharti 2026: एमपी पुलिस में 7,500 पदों पर बंपर भर्ती, 22 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन