शनिवार रात रूस की राजधानी मॉस्को की फिजाओं में अचानक खौफ भर गया. लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आसमान में एक के बाद एक धमाकों की गूंज सुनाई देने लगी. रूस की एयर डिफेंस ने वक्त रहते कार्रवाई की, वरना नतीजे कहीं ज़्यादा गंभीर हो सकते थे.
रूसी रक्षा मंत्रालय और मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने पुष्टि की कि कम से कम 13 ड्रोन राजधानी तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें समय रहते मार गिराया गया. हालांकि हमले का असर इतना व्यापक था कि राजधानी समेत 9 से ज्यादा इलाकों में 150 से अधिक हवाई हमलों की रिपोर्ट आई. राहत की बात ये रही कि जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ.
हमला सिर्फ मॉस्को तक सीमित नहीं था
ये सिर्फ मॉस्को की बात नहीं थी. रूस के ब्रायंस्क, ओरयोल, कालुगा, रोस्तोव, तुला, कुर्स्क, स्मोलेन्स्क और वोरोनिज़ जैसे इलाकों को भी निशाना बनाया गया. ये यूक्रेनी ड्रोन अब बखूबी समझते हैं कि रूसी एयर डिफेंस की ताकत क्या है, लेकिन उनकी संख्या और हमले की व्यापकता ने रूस को एक बार फिर चौकन्ना कर दिया है.
रक्षा मंत्रालय का दावा है कि शनिवार शाम 6:15 बजे से लेकर पूरी रात भर 158 ड्रोन या हवाई टारगेट को निष्क्रिय किया गया. रूसी मीडिया RT के अनुसार, यूक्रेन की तरफ से खासतौर पर आवासीय इलाकों और नागरिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने की कोशिश हुई.
मॉस्को की सुरक्षा अब पहले से ज्यादा टाइट
मॉस्को के मेयर सोबयानिन ने कहा है कि एयर डिफेंस अब पहले से ज्यादा सतर्क और उन्नत हो चुका है. उन्होंने दावा किया कि उनका सिस्टम लगभग 99.9% ड्रोन हमलों को इंटरसेप्ट करने में सक्षम है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बताया कि रूस ने ‘लेयर-आधारित सुरक्षा प्रणाली’ अपनाई है, जिससे कोई भी हमला सीधे शहर पर असर न डाल सके. यानी पहले ही चरण में खतरे को खत्म करने की रणनीति अब फील्ड में है.
यूक्रेन की तरफ से सीजफायर की पहल
दूसरी तरफ, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक अहम प्रस्ताव रखा है. उन्होंने कहा है कि वह रूस के साथ युद्धविराम पर नेतृत्व-स्तर की बैठक बुलाना चाहते हैं. ज़ेलेंस्की के मुताबिक, अब वक्त है कि बातचीत की रफ्तार बढ़ाई जाए. उनका कहना है, ‘रूस को बच्चों की वापसी, कैदियों के आदान-प्रदान और निर्दोषों की हत्या जैसी घटनाओं से बचना होगा.’
यूक्रेनी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव रुसतेम उमेरोव ने पहले ही रूस को औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया है. इस बीच रूसी मीडिया TASS ने पुष्टि की है कि क्रेमलिन को प्रस्ताव मिल चुका है. प्रवक्ता पेसकोव ने कहा, “हम पहले दिन से राजनीतिक समाधान के लिए तैयार हैं. लेकिन अब फैसला यूक्रेन को करना है कि वह तीसरे राउंड की डायरेक्ट बातचीत को लेकर तैयार है या नहीं.”
ये भी पढ़ेंः अहमदाबाद विमान हादसे में बड़ा खुलासा, प्लेन के पिछले हिस्से में मिला कुछ ऐसा; घूम सकती है जांच की सुई?