PM Modi Mimicry Video: इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस की ओर से एक्स पर शेयर किए गए इस वीडियो में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि पीएम मोदी की शैली की नकल करते नजर आ रहे हैं, जबकि राहुल गांधी मंच पर मौजूद हैं और एक्ट पर प्रतिक्रिया देते दिखते हैं. वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने इसे लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखे हमले किए हैं.
मिमिक्री वीडियो पर बीजेपी का हमला
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वीडियो को री-पोस्ट करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर कांग्रेस को “कॉमेडियन और जोकरों की पार्टी” बताया और लिखा, “They are out forever... RIP.” बीजेपी की ओर से इस वीडियो को लेकर राहुल गांधी की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं.
Congress Party has become a Party of Comedians & Jokers!
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) September 20, 2026
They are out forever.... RIP 🙏 pic.twitter.com/80YaZfqEal
बुजुर्ग महिला के जिक्र पर विवाद
विवाद सिर्फ पीएम मोदी की मिमिक्री तक सीमित नहीं रहा. बीजेपी नेताओं का आरोप है कि पुलकित मणि के एक्ट में प्रधानमंत्री की एक रैली के दौरान बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगाने की घटना का भी मजाक बनाया गया. केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे बुजुर्ग महिला के अपमान से जोड़ते हुए कहा कि एक तरफ सम्मान और अपनापन है, तो दूसरी तरफ बुजुर्ग मां का मजाक उड़ाया गया.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी इस मामले पर राहुल गांधी और कांग्रेस को निशाने पर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र संवाद के मंच का इस्तेमाल प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के अपमान के लिए किया गया. बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी इस घटना को राजनीतिक मर्यादा से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं.
स्मृति ईरानी और बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए लिखा, “जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है.” वहीं बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें विपक्ष के नेता के बजाय “ट्रोल्स का नेता” बताया. इन बयानों के जरिए बीजेपी ने वीडियो को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक और सामाजिक मर्यादा का सवाल उठाया है.
जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है! https://t.co/3kqUjvuwq9
— Smriti Z Irani (@smritiirani) September 20, 2026
गजेंद्र शेखावत ने भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने भी मिमिक्री विवाद पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, “किसी का सरनेम चुराया जा सकता है, संस्कार नहीं.” वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी वीडियो पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी की दिवंगत मां को लेकर टिप्पणी करना और उस पर हंसना अलग विषय है.
You can steal someone’s surname, but not their class.
— Gajendra Singh Shekhawat (@gssjodhpur) September 20, 2026
किसी का सरनेम चुराया जा सकता है, संस्कार नहीं।@RahulGandhi https://t.co/mfZgfAHTkR
मोहन यादव ने भी राहुल गांधी को घेरा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इंदौर के कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर कार्यक्रम छात्रों का था तो वहां उनसे बातचीत, सवाल-जवाब और उनकी समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए थी. उनके मुताबिक, मंच से प्रधानमंत्री की मिमिक्री और बुजुर्ग महिला से जुड़े प्रसंग का मजाक बनाया जाना उचित नहीं था. दरअसल, 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों से शिक्षा, रोजगार और सिस्टम से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की थी. इसी कार्यक्रम के दौरान कॉमेडियन पुलकित मणि ने पीएम मोदी की शैली और उनके सार्वजनिक व्यवहार की मिमिक्री की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया.
ये भी पढ़ें- रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल... पर्यावरण संरक्षण पर PM मोदी का बड़ा संदेश, प्लास्टिक कचरे को बताया चुनौती