Political Popcorn: DUSU चुनाव परिणाम से लेकर इंदौर में पोस्टर वॉर तक... आज का 'पॉलिटिकल पॉपकॉर्न'

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में करारी हार के बाद अब कांग्रेस के भीतर का गुबार फूटकर बाहर आ गया है. पार्टी के ही एक सीनियर नेता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को गोपनीय चिट्ठी भेजकर सीधे-सीधे जवाबदेही तय करने की मांग ठोक दी है.

From DUSU election results to the poster war in Indore Political Popcorn
Bharat 24

1.छात्र राजनीति में भी 'पुत्र मोह' ने डुबोई लुटिया!

DUSU में NSUI की करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस में अंदरूनी घमासान !

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में करारी हार के बाद अब कांग्रेस के भीतर का गुबार फूटकर बाहर आ गया है. पार्टी के ही एक सीनियर नेता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को गोपनीय चिट्ठी भेजकर सीधे-सीधे जवाबदेही तय करने की मांग ठोक दी है. चिट्ठी में कड़े शब्दों के साथ आरोप लगाया गया है कि आम कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर सिर्फ चमचागिरी और 'नेताओं के बेटों' को पैनल में टिकट दिलवाकर पूरा चुनाव हरवा दिया गया. अलबत्ता राहुल गांधी देशभर में 'छात्रों की गूंज' उठाने में जुटे हैं, लेकिन घर के आंगन में ही एनएसयूआई की आवाज दब गई. राजनीतिक प्रेक्षक मानते हैं कि जब तक कैंपस की राजनीति में जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह नहीं मिलेगी, तब तक Gen-Z का दिल जीतना मुमकिन नहीं होगा. सचमुच पार्टी के भीतर अब यह बगावती सुर हाईकमान के लिए सिरदर्द बन चुका है. अब यक्ष प्रश्न यही है कि क्या इस चिट्ठी पर कोई ठोस कार्रवाई होगी या फिर हमेशा की तरह कमेटी बनाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा ?

2.मिनी इंडिया' में चला भगवा परचम !

Gen-Z की अदालत में विपक्ष की थ्योरी फुस्स!

देश के सबसे प्रतिष्ठित और कॉस्मोपॉलिटन दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति का मिजाज साफ हो गया है. एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज की जीत के साथ 4 में से 3 पदों पर धमाकेदार परचम लहराया है. वडोदरा के बाद अब नॉर्थ कैंपस के हिंदू, हंसराज, केएमसी, रामजस और लॉ फैकल्टी जैसे बड़े संस्थानों में भी युवा वर्ग ने सत्ता पक्ष के विकास और राष्ट्रवादी विजन पर भरोसा जताया है. राजनीतिक प्रेक्षक इसे 2026 के युवा मूड का बड़ा सांकेतिक ट्रेलर बता रहे हैं. अलबत्ता सोशल मीडिया पर भी तंज कसा जा रहा है कि नकारात्मक बयानों और नाराज फूफा के बहकावे में आज की व्यावहारिक Gen-Z आने वाली नहीं है. सचमुच कैंपस से लेकर गलियों तक आज भी युवा नेतृत्व और नीतियों की कसौटी पर ही फैसला ले रहे हैं. अब प्रश्न यह है कि क्या विपक्षी छात्र संगठन इस नतीजे से सबक लेकर अपनी जमीन तलाशेंगे या हार का ठीकरा हमेशा की तरह व्यवस्था के सिर फोड़ेंगे?

3.इंदौर में पोस्टर वॉर से कांग्रेस हाईकमान लाल-पीला!

राहुल के दौरे से पहले शहर में लगे विवादित पोस्टर, न यूथ कांग्रेस को खबर लगी न NSUI को भनक !

मध्य प्रदेश के मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर में राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले पोस्टर वॉर ने सियासी पारा चढ़ा दिया है. 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले पूरे शहर में 'झूठ की गूंज' के पोस्टर लग गए और मजे की बात यह रही कि स्थानीय नेताओं को इसकी भनक तक नहीं लगी. इस घटना से दिल्ली में बैठे कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश नेतृत्व से बेहद सख्त लहजे में सवाल पूछा है कि आखिर शहर में इतने विवादित पोस्टर लग कैसे गए? अलबत्ता न यूथ कांग्रेस को पता चला, न एनएसयूआई को खबर हुई और न ही प्रदेश कार्यकारिणी सोती हुई जागी किसी ने मौके पर जाकर विरोध तक दर्ज नहीं कराया. राजनीतिक प्रेक्षक इसे स्थानीय संगठन की भारी ढिलाई और आपसी समन्वय की कमी का जीता-जागता नमूना मान रहे हैं. सचमुच दौरे से पहले ही पार्टी को बैकफुट पर धकेलने वाली इस चूक ने कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा दिया है. अब प्रश्न यही है कि क्या प्रदेश नेतृत्व इस लापरवाही पर कोई जवाब दे पाएगा या फिर मामला सिर्फ औपचारिक लीपापोती तक सिमट जाएगा?

4.दिल्ली से कोलकाता तक फोन पर बंधी 'ढांढस की डोर'!

रेजीनगर-नंदीग्राम पर साधी नई साझा रणनीति !

पश्चिम बंगाल की सियासत में पासा अचानक पलट गया है. चुनाव आयोग द्वारा टीएमसी का मूल नाम और चुनाव चिह्न फ्रीज किए जाने के बाद मचे सियासी संकट के बीच सोनिया गांधी ने सीधे ममता बनर्जी को फोन घुमाकर ढांढस बंधाया. राहुल के बाद अब सोनिया की सीधी बातचीत से ममता को बड़ी सियासी राहत मिली है और इसका नतीजा यह हुआ कि रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में टीएमसी ने कांग्रेस को खुला समर्थन दे दिया. राजनीतिक प्रेक्षक मानते हैं कि जब कानूनी और चुनावी संकट गहराता है, तो पुरानी तल्खियां भुलाकर हाथ मिलाना मजबूरी और रणनीति दोनों बन जाता है. अलबत्ता, कल तक एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोकने वाले नेता आज संकट की घड़ी में एक मंच पर आकर नया कामकाजी रिश्ता गढ़ रहे हैं. सचमुच, राजनीति में न कोई पक्का दोस्त होता है और न ही स्थायी दुश्मन. अब यक्ष प्रश्न यह है कि क्या यह तालमेल सिर्फ उपचुनाव की बैसाखी साबित होगा या 2026 की राष्ट्रीय राजनीति में कोई नई साझा इबारत लिखेगा, वैसे अभी तक का इन दोनों की दोस्ती का इतिहास अच्छा नहीं रहा है, आगे आगे देखिए होता है क्या ?

5.कुर्सी की पेटी बांध लीजिए..'गंगा किनारे' वाले बड़े साहब की विदाई की बिसात!

दिल्ली से प्रांतीय राजधानी तक लामबंद हुए दिग्गज..विदाई तय करने में जुटे कई 'योद्धा'!

​दिल्ली के सत्ता गलियारों और सीनियर नौकरशाहों के लंच टेबल पर इन दिनों बस एक ही चर्चा का पारा चढ़ा हुआ है. सियासी सूत्रों का दावा है कि पूरब के एक बेहद अहम और ऐतिहासिक राज्य के प्रशासनिक मुखिया यानी मुख्य सचिव को हटाने की जोरदार पटकथा तैयार हो चुकी है. अलबत्ता यह खेल केवल स्थानीय स्तर पर नहीं चल रहा बल्कि दिल्ली दरबार से लेकर उस खास राज्य के सचिवालय तक बड़े-बड़े सियासी और प्रशासनिक सूरमा अपना पूरा जोर लगाए हुए हैं. राजनीतिक प्रेक्षक मानते हैं कि सूबे में नए राजनीतिक और प्रशासनिक संतुलन को साधने के लिए शीर्ष कुर्सी पर चेहरे की तब्दीली अब वक्त की जरूरत बताई जा रही है. सचमुच जब लुटियंस दिल्ली और प्रांतीय राजभवन के तार एक सुर में बजने लगें तो समझ लीजिए कि फैसले की फाइल पर बस आखिरी दस्तखत बाकी हैं. अब यक्ष प्रश्न यही है कि क्या 'साहब' दिल्ली के योद्धाओं की इस घेराबंदी को भेद पाएंगे या फिर उन्हें जल्द ही किसी किनारे वाले महकमे में नई जिम्मेदारी संभालनी पड़ेगी?

ये भी पढ़ें- 'मां का अपमान स्वीकार नहीं...' PM मोदी की मिमिक्री और बुजुर्ग के अपमान पर बरसी BJP, बोली- स्वीकार नहीं कर