Shopian IED News: दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के अवनीरा इलाके में रविवार को सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई. तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को सड़क किनारे एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी. जांच करने पर पता चला कि वह इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) थी.
अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया. टीम ने सावधानी के साथ IED को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. इस कार्रवाई में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है.
IED मिलने के बाद इलाके को घेरा
जानकारी के अनुसार, अवनीरा इलाके में सुरक्षा बल पहले से तलाशी अभियान चला रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे संदिग्ध वस्तु नजर आई. इसके बाद सुरक्षाबलों ने तुरंत इलाके को अपने कब्जे में ले लिया और आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई. किसी भी खतरे की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की गई.
बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय
इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में विशेषज्ञों ने मौके की जांच की और IED को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान काफी सावधानी बरती गई, ताकि लोगों और आसपास की संपत्ति को कोई नुकसान न पहुंचे.
पुलिस ने शुरू की जांच
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने IED मिलने और उसे निष्क्रिय किए जाने की पुष्टि की है. अधिकारी के अनुसार, मामले की आगे जांच शुरू कर दी गई है. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अवनीरा इलाके में लगातार नजर बनाए हुए हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि IED वहां कैसे पहुंची और इसके पीछे किसका हाथ है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान सीमा से कुछ दूरी पर गरजा M777 होवित्जर तोप, भारत-यूएस के सैनिकों ने दिखाई ताकत, VIDEO