बैंक में नौकरी का सुनहरा मौका, SBI में 200 से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती, कौन कर सकता है अप्लाई?

SBI Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारतीय स्टेट बैंक ने बड़ा मौका दिया है. बैंक ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के अलग-अलग पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं.

sbi-specialist-officer-recruitment-2026-apply-online-207-posts
Image Source: Social Media

SBI Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारतीय स्टेट बैंक ने बड़ा मौका दिया है. बैंक ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के अलग-अलग पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. यह नियुक्तियां अनुबंध के आधार पर की जाएंगी और कुल 207 पद भरे जाएंगे. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार भारतीय स्टेट बैंक की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 तय की गई है.

अलग-अलग पदों पर होगी भर्ती

स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती के तहत जोनल हेड रिटेल, रीजनल हेड, रिलेशनशिप मैनेजर टीम लीड, इन्वेस्टमेंट ऑफिसर और इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (एसआई) समेत कई पदों पर उम्मीदवारों का चयन होगा. जोनल हेड रिटेल और रीजनल हेड पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में एमबीए और 12 से 15 साल तक का अनुभव मांगा गया है. वहीं रिलेशनशिप मैनेजर टीम लीड के लिए स्नातक डिग्री और कम से कम 8 साल का अनुभव जरूरी है. इन्वेस्टमेंट ऑफिसर पद के लिए संबंधित विषय में मास्टर डिग्री या सीएफए-सीए जैसी योग्यता के साथ अनुभव की शर्त रखी गई है.

वीपी और एवीपी पदों पर भी अवसर

बैंक ने वाइस प्रेसिडेंट वेल्थ और असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट वेल्थ पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया है. वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए स्नातक डिग्री और कम से कम 6 साल का अनुभव जरूरी है, जबकि असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए स्नातक डिग्री के साथ कम से कम 3 साल का अनुभव मांगा गया है. पद के अनुसार उम्मीदवारों की उम्र सीमा अलग-अलग रखी गई है. न्यूनतम उम्र 23 साल और अधिकतम उम्र 50 साल तक निर्धारित है.

पांच साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति

चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में पांच साल के अनुबंध पर नियुक्त किया जाएगा. बैंक जरूरत और संबंधित क्षेत्र के आधार पर इस अवधि को आगे तीन से चार साल तक बढ़ा सकता है. उम्मीदवारों का वेतन पहले से तय नहीं होगा, बल्कि इंटरव्यू के दौरान इस पर चर्चा की जाएगी. अंतिम सीटीसी उम्मीदवार के अनुभव, मौजूदा वेतन और पोस्टिंग की जगह समेत कई बातों को ध्यान में रखकर तय की जाएगी.

इंटरव्यू के आधार पर होगा चयन

एसबीआई स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को पहले शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और इसके बाद इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. आवश्यकता के अनुसार एक या दो चरणों में इंटरव्यू हो सकता है, जिसे टेलीफोन या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी आयोजित किया जा सकता है. इंटरव्यू 100 अंकों का होगा और बैंक की ओर से निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करना जरूरी होगा. इंटरव्यू के दौरान वेतन और सीटीसी पर भी बातचीत की जाएगी तथा न्यूनतम अंकों से जुड़ा बैंक का निर्णय अंतिम माना जाएगा.

ऐसे करें आवेदन

आवेदन के लिए उम्मीदवारों को एसबीआई की भर्ती वेबसाइट sbi.bank.in पर जाकर नया पंजीकरण करना होगा. इसके बाद नाम और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा. आवेदन के दौरान व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करने के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट करना होगा. उम्मीदवारों को आवेदन की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 से पहले प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! Group C के इतने पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता