मिसाइलें लॉन्चर पर तैयार, भयानक बमबारी होगी... ट्रंप के खिलाफ ईरान करेगा भीषण कार्रवाई, छिड़ेगा जंग?

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कभी भी बड़े युद्ध में बदल सकता है. अमेरिका की हमले की धमकी के बावजूद ईरान झुकने को तैयार नहीं है.

Missiles are ready terrible bombing Iran will take a severe action against Trump
ट्रंप-खामेनेई | Photo: ANI

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कभी भी बड़े युद्ध में बदल सकता है. अमेरिका की हमले की धमकी के बावजूद ईरान झुकने को तैयार नहीं है. इस बीच, ईरान की सेना ने किसी भी अमेरिकी हमले का जवाब देने के लिए अपनी मिसाइलों को तैनात कर दिया है. तेहरान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की मिसाइलें सभी अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी में लॉन्चरों पर लोड कर दी गई हैं और अब ये लॉन्च के लिए पूरी तरह तैयार हैं. तेहरान टाइम्स ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, "पैंडोरा बॉक्स खोलने से अमेरिकी सरकार और उसके सहयोगियों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी."

डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद हुई तैनाती

ईरान की मिसाइल तैनाती डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के कुछ घंटों बाद हुई है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने तेहरान को परमाणु समझौते से इंकार करने पर बमबारी की धमकी दी थी. ईरान ने पिछले सप्ताह वॉशिंगटन के साथ सीधे बातचीत के ट्रंप के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. इसके बाद, एनबीसी न्यूज को दिए एक टेलीफोन साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के अधिकारी बातचीत कर रहे हैं, लेकिन इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी.

'यह ऐसी बमबारी होगी, जैसा...'

ट्रंप ने टेलीफोन साक्षात्कार में कहा, "अगर वे कोई समझौता नहीं करते, तो बमबारी होगी. यह ऐसी बमबारी होगी, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा." अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, "अगर वे समझौता नहीं करते, तो मैं उन पर द्वितीयक शुल्क लगाऊंगा, जैसा मैंने चार साल पहले लगाया था."

राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान, ट्रंप ने ईरान के साथ परमाणु समझौते से अमेरिका को एकतरफा बाहर कर लिया था. इससे पहले, ईरान के साथ हुए समझौते में अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील देने के बदले में तेहरान की परमाणु गतिविधियों पर कड़ी सीमाएं लगाई गई थीं. समझौता समाप्त होने के बाद, ईरान ने अपने यूरेनियम संवर्धन को तेज कर दिया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान का यूरेनियम संवर्धन अब हथियार बनाने के स्तर के करीब है और वह कुछ सप्ताह में परमाणु हथियार बना सकता है.

ये भी पढ़ेंः डोनाल्ड ट्रंप का 'सीक्रेट प्लान' लीक, तीसरी बार भी बनेंगे राष्ट्रपति; जानिए कैसे हुआ खुलासा