सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे कम पढ़े-लिखे युवाओं के लिए झारखंड में रोजगार का अच्छा मौका सामने आया है. देवघर जिले में होम गार्ड के 772 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 26 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट deoghar.nic.in या भर्ती पोर्टल recruitment.jharkhand.gov.in का इस्तेमाल किया जा सकता है.
कौन कर सकता है आवेदन?
देवघर होम गार्ड भर्ती में ग्रामीण क्षेत्र के पदों के लिए उम्मीदवार का कम से कम 7वीं पास होना जरूरी है, जबकि शहरी क्षेत्र के लिए 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. उम्र की बात करें तो 1 जनवरी 2026 को अभ्यर्थी की आयु न्यूनतम 19 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी.
शारीरिक योग्यता भी जरूरी
होम गार्ड भर्ती में शैक्षणिक योग्यता के साथ शारीरिक मापदंड पूरा करना भी जरूरी है. सामान्य, ओबीसी और बीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 162 सेमी और सीना 79 सेमी होना चाहिए. एससी और एसटी वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 157 सेमी और सीना 76 सेमी निर्धारित है. वहीं, सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 148 सेमी होनी चाहिए.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को recruitment.jharkhand.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करके आवेदन फॉर्म पूरा करना होगा. सभी जरूरी विवरण भरने के बाद निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर फॉर्म सबमिट किया जा सकता है. आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट या उसकी डिजिटल कॉपी सुरक्षित रखना बेहतर रहेगा.
आवेदन शुल्क और जरूरी तारीख
झारखंड होम गार्ड भर्ती के लिए सभी वर्गों के उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है. इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 26 सितंबर 2026 है, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम समय का इंतजार किए बिना आवेदन पूरा कर लेना चाहिए. भर्ती की योग्यता, शारीरिक मापदंड और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर देख लें.
ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, UPSC ने 200 से ज्यादा पदों पर निकाली वैकेंसी