पिछले 24 घंटे में ईरान ने अमेरिका को दिया बड़ा घाव, 2 फाइटर जेट और 2 हेलीकॉप्टर किया तबाह, पायलट लापता

ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष अब और तीखा होता जा रहा है. पिछले 24 घंटे में अमेरिकी सैन्य ताकत को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है. दो फाइटर जेट और दो हेलीकॉप्टर के नुकसान की खबरों के बीच एक एफ-15 फाइटर जेट का पायलट अभी भी लापता बताया जा रहा है.

Iran destroyed 2 American fighter jets and helicopter Us Air Force Pilot Missing
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

तेहरान/वॉशिंगटन: ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष अब और तीखा होता जा रहा है. पिछले 24 घंटे में अमेरिकी सैन्य ताकत को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है. दो फाइटर जेट और दो हेलीकॉप्टर के नुकसान की खबरों के बीच एक एफ-15 फाइटर जेट का पायलट अभी भी लापता बताया जा रहा है.

इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप पूरी रात व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में अधिकारियों के साथ बैठकों में जुटे रहे और युद्ध की स्थिति का जायजा लेते रहे. माना जा रहा है कि यह संघर्ष ट्रंप की उम्मीद से कहीं ज्यादा जटिल और लंबा खिंचता जा रहा है.

एफ-15 और अन्य विमानों पर हमला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने अपने खुजेस्तान प्रांत में अमेरिकी एफ-15E स्ट्राइक ईगल को मार गिराया. इस विमान में दो पायलट सवार थे, जिनमें से एक को अमेरिकी सेना ने सुरक्षित निकाल लिया, जबकि दूसरा अब भी लापता है. उसकी तलाश में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

इसके अलावा, ईरान ने अमेरिकी A-10 वॉर्थोग विमानों को भी निशाना बनाया. एक विमान समुद्र में गिर गया, हालांकि उसके पायलट को बचा लिया गया. वहीं दूसरा विमान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के बावजूद एक इंजन के सहारे बेस तक लौटने में सफल रहा.

बचाव अभियान पर भी हमला

स्थिति और गंभीर तब हो गई जब ईरान ने अमेरिकी बचाव अभियान को भी निशाना बनाया. रेस्क्यू मिशन के दौरान अमेरिकी HH-60W जॉली ग्रीन II हेलीकॉप्टरों पर फायरिंग की गई, जिसमें दो हेलीकॉप्टर तबाह हो गए. हालांकि इन हेलीकॉप्टरों के क्रू मेंबर्स सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहे और बेस पर लौट आए.

अन्य सैन्य नुकसान भी सामने आए

बीते 24 घंटों में अमेरिका को और भी तकनीकी झटके लगे हैं. ईरान भेजे गए एक एफ-16 फाइटर जेट को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी. इसके साथ ही दो KC-135 रीफ्यूलिंग टैंकरों को भी इमरजेंसी लैंडिंग के लिए मजबूर होना पड़ा.

इन घटनाओं ने अमेरिकी वायुसेना के वर्चस्व के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि अब तक अमेरिका खुद को ईरान के हवाई क्षेत्र में मजबूत स्थिति में बता रहा था.

युद्धविराम की उम्मीदें कमजोर

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि एफ-15 के गिरने और पायलट के लापता होने के बाद ट्रंप प्रशासन युद्ध को और तेज कर सकता है. हालांकि ट्रंप ने कहा है कि इन घटनाओं का युद्धविराम पर चल रही बातचीत पर असर नहीं पड़ेगा, लेकिन हालात को देखते हुए फिलहाल किसी ठोस समझौते की संभावना नजर नहीं आ रही है.

लापता पायलट की तलाश तेज

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में लापता अमेरिकी पायलट को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है. स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि पायलट नजर आए तो उसकी सूचना दें या उसे पकड़ने में मदद करें.

ईरानी अधिकारियों ने यहां तक घोषणा की है कि ‘दुश्मन’ के सैनिक को पकड़ने या मारने वाले को इनाम दिया जाएगा. इस कदम से यह संकेत मिलता है कि ईरान इस घटना को रणनीतिक बढ़त के रूप में देख रहा है.

ईरान के लिए टर्निंग प्वाइंट?

ईरान के शीर्ष नेताओं ने अमेरिकी फाइटर जेट गिराने को युद्ध में अहम मोड़ बताया है. संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर कलीबाफ ने कहा कि यह संघर्ष अब “सत्ता परिवर्तन” से आगे बढ़कर अमेरिकी पायलटों की तलाश तक पहुंच गया है.

ये भी पढ़ें- जनता के आगे झुकी पाकिस्तान सरकार! 80 रुपये सस्ता किया पेट्रोल, शहबाज शरीफ को क्यों लेना पड़ा यू-टर्न?