'भारत मुझ पर 100% भरोसा कर सकता है', अचानक क्यों बदल गए ट्रंप के सुर? बोले- मैं पीएम मोदी का प्रशंसक

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए कहा है कि भारत उन पर और अमेरिका पर पूरी तरह भरोसा कर सकता है.

India can trust me donald trump said i am big fan of pm modi
Image Source: ANI

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए कहा है कि भारत उन पर और अमेरिका पर पूरी तरह भरोसा कर सकता है. अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की और कहा कि वह उनके बहुत बड़े प्रशंसक हैं.

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान फोन पर हुई बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर कई अहम बातें कहीं.

‘मोदी महान नेता हैं, मैं उनका प्रशंसक हूं’

कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर बातचीत कराई. इस दौरान ट्रंप ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेहद पसंद हैं.

उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी महान नेता हैं. वह मेरे दोस्त हैं और मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं. मैं वहां मौजूद सभी लोगों को शुभकामनाएं देना चाहता हूं.”

डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया.

‘भारत और अमेरिका पहले कभी इतने करीब नहीं रहे’

अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच भरोसा लगातार बढ़ रहा है और भारत अमेरिका पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है.

ट्रंप ने कहा कि अगर भारत को कभी मदद की जरूरत पड़े तो उसे पता है कि किसे फोन करना है. उन्होंने दोनों देशों की दोस्ती को बेहद मजबूत और भरोसेमंद बताया.

अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर भी किया दावा

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने संबोधन में अमेरिकी अर्थव्यवस्था की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका इस समय रिकॉर्ड स्तर पर प्रदर्शन कर रहा है.

उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है और अमेरिकी शेयर बाजार लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. ट्रंप के मुताबिक अमेरिका तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है.

एआर रहमान की प्रस्तुति रही खास आकर्षण

इस कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण मशहूर संगीतकार एआर रहमान की प्रस्तुति भी रही. उन्होंने “दिल से”, “मां तुझे सलाम” और “तेरे बिना” जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया.

इसके अलावा अमेरिकी बैंड “विलेज पीपुल” की प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में अलग रंग भर दिया और माहौल को यादगार बना दिया.

मार्को रूबियो की तारीफ में कही बड़ी बात

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने रूबियो को अमेरिका के इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री बताया.

अपने संबोधन के आखिर में ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नमस्कार कहने की बात कही और दोहराया कि वह उनके बहुत बड़े प्रशंसक हैं.

एस. जयशंकर ने भारत-अमेरिका संबंधों पर दिया जोर

कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा ने दुनिया को व्यक्तिगत स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी, कानून का शासन और जवाबदेह सरकार जैसे महत्वपूर्ण विचार दिए.

उन्होंने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक और बहुलतावादी समाज में इन मूल्यों की स्वाभाविक स्वीकार्यता रही है. जयशंकर ने यह भी कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियां भारत और अमेरिका के रिश्तों को और मजबूत बनाने का बड़ा अवसर हैं.

कार्यक्रम में मनाया गया रूबियो का जन्मदिन

इस खास आयोजन के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का जन्मदिन भी मनाया गया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. आयोजन का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संगीत कार्यक्रमों के साथ हुआ, जिसने भारत-अमेरिका दोस्ती को और मजबूत संदेश दिया.

ये भी पढ़ें -  Petrol-Diesel Price: पेट्रोल ने लगाया शतक, डीजल-सीएनजी भी हुए महंगे, 11 दिन में चौथी बार बढ़े दाम