हरियाणा में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले महीने बेहद अहम रहने वाले हैं. प्रदेश पुलिस विभाग अगले छह महीने में कॉन्स्टेबल के हजारों पदों पर दो नई भर्तियां निकालने की तैयारी में है. नवंबर 2026 में करीब 4 हजार पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है, जबकि मार्च 2027 में 5,500 पदों पर फिर से भर्ती होगी. सरकार का लक्ष्य 2028 तक चरणबद्ध तरीके से पुलिस विभाग में जवानों की कमी को कम करना है.
25 हजार जवानों की कमी दूर करने का प्लान
हरियाणा पुलिस विभाग में फिलहाल करीब 78 हजार स्वीकृत पद हैं, जिनमें लगभग 30 फीसदी पद खाली बताए जा रहे हैं. प्रदेश में करीब 25 हजार पुलिस जवानों की कमी है. सरकार अगले दो वर्षों में 15 हजार नए जवानों की भर्ती की योजना पर काम कर रही है. इससे पहले जनवरी 2026 में भी 5,500 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया था और फिलहाल उसकी प्रक्रिया चल रही है. नवंबर 2026 और मार्च 2027 की भर्तियों के बाद 2028 में खाली बचे पदों के लिए भर्ती का अंतिम चरण आयोजित किया जा सकता है.
12वीं पास युवाओं को मिलेगा मौका
कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी होगा और 10वीं में हिंदी या संस्कृत विषय होना अनिवार्य रहेगा. इसके अलावा HSSC के नियमों के तहत आवेदन करने के लिए ग्रुप-C का कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी CET पास होना जरूरी है. सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष बताई गई है, जबकि SC, BC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी. हालांकि अंतिम भर्ती नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही सभी पात्रता शर्तों की स्थिति स्पष्ट होगी.
फिजिकल टेस्ट में भी करनी होगी कड़ी तैयारी
भर्ती प्रक्रिया में पुरुष उम्मीदवारों के लिए सामान्य वर्ग में न्यूनतम लंबाई 170 सेमी और आरक्षित वर्ग में 168 सेमी निर्धारित है. पुरुषों को 83 से 87 सेमी का सीना और 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी. महिला उम्मीदवारों के लिए सामान्य वर्ग में न्यूनतम लंबाई 158 सेमी और आरक्षित वर्ग में 156 सेमी रखी गई है, जबकि उन्हें 6 मिनट में 1 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी. शारीरिक मापदंड पूरा करने के बाद उम्मीदवार लिखित परीक्षा के चरण में पहुंचेंगे.
97 अंकों की परीक्षा से बनेगी मेरिट
कॉन्स्टेबल भर्ती में पहले फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) में क्वालिफाई करना होगा. इसके बाद 97 अंकों की नॉलेज परीक्षा आयोजित की जाएगी. NCC प्रमाणपत्र रखने वाले उम्मीदवारों को अधिकतम 3 बोनस अंक मिल सकते हैं. लिखित परीक्षा और बोनस अंकों के आधार पर मेरिट तैयार होगी. ऐसे में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नवंबर 2026 और मार्च 2027 की संभावित भर्तियां महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें: इस राज्य में होमगार्ड के पदों पर निकली भर्ती, 7वीं पास कर सकते हैं अप्लाई, पढ़ें पूरी डिटेल