वाशिंगटन: अमेरिका में एक बुजुर्ग महिला के अचानक लापता होने का मामला अब राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा बन चुका है. 84 वर्षीय नैंसी गुथरी के गायब होने के बाद न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा देश चिंतित है. मामला तब और गंभीर हो गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इसमें दखल देते हुए FBI डायरेक्टर काश पटेल को इस केस की निगरानी की जिम्मेदारी सौंप दी. नैंसी, मशहूर टीवी शो ‘टुडे’ की को-होस्ट सवाना गुथरी की मां हैं, जिनकी भावुक अपील ने लाखों लोगों को झकझोर दिया है.
टक्सन से अचानक गायब हुईं नैंसी गुथरी
नैंसी गुथरी शनिवार रात एरिजोना राज्य के टक्सन शहर में स्थित अपने घर से अचानक लापता हो गई थीं. परिजनों के मुताबिक, उनके घर से इस तरह गायब होना सामान्य नहीं है. नैंसी की उम्र और सेहत को देखते हुए यह मामला शुरू से ही गंभीर माना जा रहा है. स्थानीय पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन शुरुआती घंटों में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा.
ट्रंप का सख्त रुख, फेडरल एजेंसियां अलर्ट
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे बेहद गंभीर करार दिया है. उन्होंने सभी फेडरल एजेंसियों को महिला की तलाश में पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए हैं. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर जानकारी दी कि उन्होंने सवाना गुथरी से फोन पर बात की है और उन्हें भरोसा दिलाया है कि सरकार परिवार के साथ खड़ी है. राष्ट्रपति के निर्देश के बाद FBI डायरेक्टर काश पटेल भी इस केस में सक्रिय हो गए हैं और खुद टक्सन जाने की तैयारी कर रहे हैं.
जांच की कमान लोकल एजेंसियों के पास
हालांकि FBI इस केस में पूरी मदद कर रही है, लेकिन जांच की मुख्य जिम्मेदारी अभी भी एरिजोना की स्थानीय एजेंसियों के पास है. पिमा काउंटी शेरिफ डिपार्टमेंट इस मामले को लीड कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि FBI अपनी तकनीकी विशेषज्ञता, संसाधन और इंटेलिजेंस के जरिए स्थानीय पुलिस को सपोर्ट कर रही है, ताकि नैंसी को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके.
अपहरण की आशंका ने बढ़ाई चिंता
जांच के दौरान हालात ऐसे सामने आए हैं, जिनसे अपहरण की आशंका जताई जा रही है. पिमा काउंटी के शेरिफ क्रिस नैनोस के मुताबिक, शुरुआती संकेत बताते हैं कि नैंसी को जबरदस्ती घर से ले जाया गया हो सकता है. इसके अलावा एक स्थानीय टीवी चैनल को कथित तौर पर फिरौती से जुड़ा पत्र मिलने की भी जांच की जा रही है. अगर यह बात सच साबित होती है, तो यह मामला और भी गंभीर मोड़ ले सकता है.
अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी की नजर
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी भी इस केस पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. बताया जा रहा है कि वह सवाना गुथरी को पिछले 25 वर्षों से जानती हैं और इस वजह से भी वह इस मामले को बेहद व्यक्तिगत तौर पर ले रही हैं. फेडरल स्तर पर रोजाना रिपोर्ट ली जा रही है, ताकि जांच में कोई भी ढील न रह जाए.
सवाना की भावुक अपील ने तोड़ा सन्नाटा
इस बीच सवाना गुथरी और उनके भाई-बहनों ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो जारी किया है. वीडियो में सवाना ने कहा कि उनकी मां 84 साल की हैं, दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और लगातार दर्द में रहती हैं. उन्हें रोजाना दवाइयों की जरूरत होती है. उन्होंने किडनैपर्स से अपील की कि वे संपर्क करें और उनकी मां को सुरक्षित वापस लौटा दें.
ये भी पढ़ें: सलवार सूट पहनकर गोली चलाती BLA की महिला फिदायीन, भाग खड़ी हुई मुनीर की सेना! आखिरी वीडियो वायरल