पीएम मोदी ने राज्यसभा में खरगे की ली चुटकी, बोले - आप बैठकर नारा लगाइए... देखें वीडियो

राज्यसभा के भीतर गुरुवार को उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब देना शुरू किया.

PM narendra Modi Address In Rajya Sabha took a jibe Mallikarjun Kharge
Image Source: ANI

नई दिल्ली: राज्यसभा के भीतर गुरुवार को उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब देना शुरू किया. प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान जहां सरकार ने भारत की वैश्विक उपलब्धियों को सामने रखा, वहीं विपक्ष की ओर से नारेबाजी और हंगामे ने सियासी टकराव को और तेज कर दिया. इस पूरे घटनाक्रम के बीच पीएम मोदी ने विपक्ष पर सीधा हमला करते हुए कांग्रेस की नीतियों और सोच पर सवाल खड़े किए. 

"अपनी सीट पर बैठकर नारेबाजी करें"

जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बोलना शुरू किया, विपक्षी सांसदों की ओर से जोरदार नारेबाजी होने लगी. इस दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे भी विरोध में शामिल नजर आए. इसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष की चुटकी ली. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खरगे उम्र का ध्यान रखते हुए वह अपनी सीट पर बैठकर नारेबाजी करें. इस टिप्पणी के बाद सदन में हंगामा और बढ़ गया और कई विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट कर दिया.

पीएम ने भारत-ईयू समझौते का किया जिक्र

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के पास न इच्छा शक्ति थी और ना कोई सोच थी. आज भारत नीति के आधार पर चल रहा है. देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में भारत और ईयू के बीच मुक्त व्यापार समझौते का जिक्र करते हुए कहा, दुनिया भारत की ओर उम्मीद की दृष्टि से देख रही है. पूरी दुनिया भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुई ट्रेड डील की तारीफ कर रही है.  आज दुनिया का भरोसा भारत पर बढ़ रहा है. भारत ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बना है. 

पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वोटबैंक की राजनीति होती थी. किसी भी कांग्रेसी पीएम का लाल किले की प्राचीर से दिए गए भाषण का विश्लेषण करें, तो समझ आता है कि उनके पास कोई विजन नहीं था. हमारा अधिक से अधिक समय केवल कांग्रेस की गलतियों को सुधारने में जा रहा है. आज भारत विश्व के साथ स्पर्धा करने के लिए पूरी तरीके से तैयार है. भारत का एमएसएमी सेक्टर विकास में अहम योगदान दे रहा है. भारत को लेकर दुनिया का भरोसा लगातार बढ़ रहा है. 

ये भी पढ़ें: आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहां छिपाओगे... शायराना अंदाज में पीएम मोदी ने विपक्ष पर कसा तंज