नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (5 फरवरी) को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया. इस दौरान पीएम मोदी ने शायराना अंदाज में विपक्ष पर भी हमला बोला. उन्होंने हाल में हुई ट्रेड डीलों का जिक्र करते हुए कहा, 'पूरी दुनिया हमारी ट्रेड डील की तारीफ कर रही है. विश्व में अस्थिरता को लेकर जो चिंता थी, वह कम हुई है. हमारे युवाओं के लिए दुनिया का बाजार खुल चुका है.'
पीएम मोदी ने कहा, 'आज भारत अनेक देशों के साथ भविष्य के लिए तैयार ट्रेड डील साइन कर रहा है. पिछले कुछ समय में हमने दुनिया के 9 बड़े और महत्वपूर्ण देशों के साथ ट्रेड डील साइन की हैं. एकसाथ 27 देशों के साथ सबसे बड़ी डील, जिसमें यूरोपियन यूनियन भी शामिल है.' प्रधानमंत्री ने कहा कि, 'इस सदन में चर्चा का स्तर थोड़ा और ऊंचा होना चाहिए था. विपक्ष ने मौका गंवा दिया, देश कैसे भरोसा करे.'
विपक्ष पर पीएम मोदी का हमला
पीएम मोदी ने आगे कहा कि एक सदस्य आर्थिक असमानता की बात कर रहे थे, जो खुद को राजा कहलाने में गर्व करते हैं. TMC के लोग यहां उपदेश दे रहे थे. जो निर्मम सरकार के सारे पैरामीटर पूरी कर रहे हैं. घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों में ताकत लगा रहे हैं. घुसपैठिए नौजवानों की रोजी-रोटी, आदिवासियों की जमीन छिन रहे हैं. यहां आकर वे हमें उपदेश दे रहे हैं.
शायराना अंदाज में पीएम का विपक्ष का तंज
आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक हमारे सदस्य काफी कुछ बोल रहे थे. जिनकी पूरी सरकार शराब में डूब गई, वह काफी कुछ बोल रहे थे. ऐसे सभी साथियों से ये जरूर कहूंगा, "तुम कितना दुनिया को धोखा दोगे, आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहां छिपाओगे."
पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, लेफ्ट... ये दशकों से केंद्र में सत्ता में रहे, सत्ता में भागीदार रहे. राज्यों में भी सरकारें चलाने का अवसर मिला. अब डील की चर्चा होती है, नागरिकों के जीवन में बदलाव आ रहा है. इनकी प्राथमिकता अपनी जेबें भरने की रही.
ये भी पढ़ें: 'संसद में कल PM मोदी पर हमला होने वाला था', लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का बड़ा बयान