'निर्मम सरकार पतन के हर पैरामीटर पर नए रिकॉर्ड बना रही...', ममता सरकार पर पीएम मोदी का हमला

टीएमसी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, 'पतन के जितने भी पैरामीटर्स हैं, उन सब पर नए-नए रिकॉर्ड बनाते जा रही है. उन्होंने कहा कि बंगाल में एक निर्मम सरकार है.'

PM Modi attacks Mamata Banerjee government in rajya sabha Parliament budget session
Image Source: ANI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्तवा पर जवाब दिया. इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस की सरकार पर भी निशाना साधा. टीएमसी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, 'पतन के जितने भी पैरामीटर्स हैं, उन सब पर नए-नए रिकॉर्ड बनाते जा रही है. उन्होंने कहा कि बंगाल में एक निर्मम सरकार है.'

पीएम मोदी का टीएमसी पर हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हमारे टीएमसी के साथियों ने काफी कुछ कहा. जरा खुद तो अपने गिरेबां में देखिए. पश्चिम बंगाल में निर्मम सरकार है. पतन के जितने भी पैरामीटर हैं, उन सब पर नए-नए रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं और यहां हमें उपदेश दे रहे हैं. ऐसी निर्मम सरकार से वहां के लोगों का भविष्य अंधकार में डूब रहा है लेकिन इन्हें कोई परवाह नहीं है. सत्ता सुख के अलावा इन्हें कोई आकांक्षा नहीं है.'

"घुसपैठियों की वकालत करने में ताकत लगा रहे"

पीएम मोदी ने कहा कि 'दुनिया का समृद्ध से समृद्ध देश भी अपने यहां गैरकानूनी नागरिकों को बाहर निकाल रहा है. लेकिन हमारे देश में इन्हें बचाने के लिए अदालतों पर प्रेशर डाला जा रहा है. मेरे देश का नौजवान कैसे ऐसे लोगों को माफ करेगा, जो घुसपैठियों की वकालत करने में ताकत लगा रहे हैं. घुसपैठिए मेरे नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं. आदिवासियों की जमीन छीन रहे हैं. महिलाओं पर अत्याचार कर रहे हैं.' प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, 'सत्तानीति के सिवाय इन्हें कुछ और नहीं करना है और ये लोग हमें उपदेश दे रहे हैं. जबकि चिंताजनक विषयों पर आंखें मूंदकर बैठे हुए हैं.'

"मैं देश का आभारी हूं"

पीएम मोदी ने कहा कि 'जहां तक कांग्रेस का सवाल है, मैं साफ-साफ कहना चाहता हूं, मेरे शब्दों पर भरोसा नहीं है तो कुछ मत करो. सिर्फ लाल किले से कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों के जो भाषण हैं, उसे एनालिसिस कर लो. पता चलेगा कि उनके पास न सोच थी, न विजन था और न इच्छाशक्ती थी. उसका परिणाम है कि देश को इतना भुगतना पड़ा. मैं देश का आभारी हूं कि उन्होंने सेवा करने का अवसर दिया. हमारी काफी शक्ति उनकी गलतियों को ठीक करने में जा रही है. उन्होंने देश की जो छवि बनाई थी, उसी को धोने में मेरी ताकत लगती है. ऐसा बर्बाद करके रखा हुआ था. इस काम के लिए हमने फ्यूचर रेडी पॉलिसी पर बल दिया है. आज देखा होगा कि देश नीति के आधार पर चल रहा है.'

ये भी पढ़ें: 'संसद में कल PM मोदी पर हमला होने वाला था', लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का बड़ा बयान