दुनिया की सबसे एडवांस्ड इकोनॉमी के साथ बड़े एग्रीमेंट.. राज्यसभा में ट्रेड डील पर क्या बोले पीएम मोदी?

राज्यसभा में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन ने देश की विकास यात्रा और वैश्विक रणनीति को केंद्र में ला दिया. पीएम मोदी ने कहा, विकसित भारत की यात्रा में, पिछले साल देश के तेज़ी से विकास के साल रहे हैं.

PM narendra Modi Address In Rajya Sabha budget session india eu trade deal
Image Source: ANI

नई दिल्ली: राज्यसभा में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन ने देश की विकास यात्रा और वैश्विक रणनीति को केंद्र में ला दिया. पीएम मोदी ने कहा, 'विकसित भारत की यात्रा में, पिछले साल देश के तेज़ी से विकास के साल रहे हैं. यह जीवन के हर क्षेत्र में, समाज के हर वर्ग में बदलाव का दौर रहा है. देश सही दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.' इस दौरान पीएम मोदी ने भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुए ऐतिहासिक समझौते का भी जिक्र किया. 

ट्रेड डील पर क्या-क्या बोले पीएम मोदी? 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत कई देशों के साथ भविष्य के लिए तैयार ट्रेड डील कर रहा है. हाल के दिनों में, हमने दुनिया की कुछ सबसे महत्वपूर्ण और एडवांस्ड इकोनॉमी के साथ बड़े ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं. यूरोपियन यूनियन के साथ एक ऐतिहासिक डील फाइनल हुई है, जिसमें 27 देश शामिल हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग आज थके हुए और निराश हैं, उन्हें देर-सवेर यह जवाब देना होगा कि उन्होंने देश को ऐसी स्थिति में कैसे पहुंचा दिया, जहां दुनिया का कोई भी देश भारत के साथ ट्रेड डील करने को तैयार नहीं था. आपने कोशिश की होगी, आपने बार-बार कोशिश की होगी, लेकिन किसी ने आपकी तरफ देखा भी नहीं. उस समय देश भारत के साथ डील करने को तैयार नहीं थे.

पीएम मोदी का विपक्ष पर तंज

पीएम के संबोधन के वक्त विपक्षी दलों के सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की. इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने वॉकआउट कर दिया. इस पर पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसा. पीएम मोदी ने कहा कि वे थक कर चले गए. पीएम ने साफ कहा कि कांग्रेस के पास कोई विजन नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ कल्पना करती है. उनके पास प्रोजेक्ट को पूरा करने का विजन नहीं है.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने राज्यसभा में खरगे की ली चुटकी, बोले - आप बैठकर नारा लगाइए... देखें वीडियो