पाकिस्तान के बलूचिस्तान क्षेत्र में हाल के दिनों में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के ‘ऑपरेशन हेरोफ’ के तहत ग्वादर और आसपास के इलाकों में हुए हमलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चुनौतियों को और बढ़ा दिया है. इन घटनाओं के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार करना पड़ा कि मौजूदा हालात में सेना को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई जगहों पर वह दबाव में दिखाई दे रही है.
इन हमलों के बीच BLA की ओर से जारी किया गया एक वीडियो भी काफी चर्चा में है, जिसमें संगठन की ‘मजीद ब्रिगेड’ की एक महिला फिदायीन हमलावर दिखाई देती है. इस वीडियो में वह पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर बंदूक ताने खड़ी नजर आती है और फायरिंग करती दिखती है. बताया जा रहा है कि यह महिला लड़ाका हवा बलोच थी, जो इस ऑपरेशन के दौरान मारी गई.
हथियार लेकर इंतजार करती महिला लड़ाका
वीडियो में हवा बलोच पूरी तैयारी के साथ हथियार संभाले दिखाई देती है. वह खुले तौर पर सुरक्षा बलों को चुनौती देती नजर आती है और दावा करती है कि उसके डर से सैनिक आगे बढ़ने से हिचक रहे हैं. इस फुटेज को BLA ने उसके “आखिरी संदेश” के तौर पर पेश किया है. संगठन का कहना है कि यह वीडियो उसके मिशन से पहले रिकॉर्ड किया गया था.
Watch this fearless woman fighter of #Baloch Liberation Army (BLA) while participating in #OperationHerof2 in #Gwadar in #Balochistan.
— Ajay Kaul (@AjayKauljourno) February 1, 2026
She is Fidayee #HawaBaloch who fought along with fellow Fidayeen.
The video released by BLA has her last statement before her ultimate… pic.twitter.com/tSrahHGhAn
हवा बलोच के संदेश में यह बात भी कही गई कि अब हालात ऐसे हो गए हैं जहां आम बलूच नागरिकों को भी आगे आकर संघर्ष में हिस्सा लेना होगा. वह पुरुषों और महिलाओं दोनों से “दुश्मन” के खिलाफ खड़े होने की अपील करती नजर आती है और कहती है कि यह लड़ाई सिर्फ कुछ लोगों की नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की है.
आखिरी संदेश में क्या कहा?
वीडियो में हवा यह कहते हुए दिखती है कि अब पीछे हटने का कोई रास्ता नहीं बचा है और सभी को एकजुट होकर सामने आना चाहिए. वह यह भी दावा करती है कि पाकिस्तानी सैनिक डर के मारे बाहर निकलने से बच रहे हैं और उनका सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं. इसके साथ ही वह बलूच महिलाओं और मांओं को संदेश देती है कि वे अकेली नहीं हैं और यह संघर्ष सभी का है.
वीडियो में वह काफी आत्मविश्वास के साथ दिखाई देती है और मुस्कुराते हुए हथियार थामे खड़ी रहती है. BLA ने बाद में बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान हवा बलोच की मौत हो गई और संगठन ने उसकी मौत को “कुर्बानी” बताते हुए इस वीडियो को सार्वजनिक किया.
जमीनी हालात और दोनों पक्षों के दावे
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान की सेना और BLA, दोनों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं.
पाकिस्तानी सेना का पक्ष
सैन्य प्रवक्ता का कहना है कि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में बड़ी संख्या में उग्रवादियों को मार गिराया गया है. सेना का दावा है कि वह इलाके में हालात काबू में करने और शांति बहाल करने के लिए लगातार अभियान चला रही है.
BLA का दावा
दूसरी ओर, बलूच विद्रोही संगठन ने यह स्वीकार किया है कि इस संघर्ष में उनके 18 लड़ाके मारे गए हैं. संगठन ने इसे हाल के समय की सबसे भीषण झड़पों में से एक बताया है, लेकिन साथ ही यह भी कहा है कि उनका अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है.
ये भी पढ़ें- थर्मल वेपन, नाइट विजन, स्नाइपर... बलोच लड़ाकों के पास कौन-कौन से हथियार, क्यों हार रही पाक सेना?