West Bengal Elections: 152 में से 110 सीटें जीतेगी BJP... पहले चरण की वोटिंग के बाद अमित शाह का दावा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार (23 अप्रैल) को संपन्न हो गया. इसके बाद शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा दावा किया.

West Bengal Elections BJP will win 110 out of 152 seats Amit Shah
Image Source: ANI

West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार (23 अप्रैल) को संपन्न हो गया. इसके बाद शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान के आधार पर भारतीय जनता पार्टी 152 में से 110 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करने की स्थिति में है.

अमित शाह ने कहा कि राज्य में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है और जनता ने परिवर्तन के पक्ष में वोट किया है. उनके अनुसार, इस बार पश्चिम बंगाल में लंबे समय बाद मतदान के दौरान शांति देखने को मिली और किसी की मृत्यु की खबर सामने नहीं आई, जो एक सकारात्मक संकेत है. उन्होंने इसके लिए पुलिस और चुनाव आयोग की भूमिका की सराहना की.

‘पहले चरण में ही दिखा बदलाव का रुझान’

गृह मंत्री ने कहा कि पहले चरण के मतदान में लोगों ने विकास को प्राथमिकता दी है और यह संकेत दिया है कि वे राज्य में नई सरकार चाहते हैं. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के आंतरिक आकलन के अनुसार बीजेपी 152 में से 110 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.

उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चरणों में यह बढ़त और मजबूत होगी और पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. शाह के मुताबिक, मतदान के दौरान सीमित संख्या में लोग ही घायल हुए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चुनाव अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहा.

विपक्ष पर साधा निशाना

अमित शाह ने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में नया नेतृत्व आने वाला है और अगला मुख्यमंत्री राज्य की ही मिट्टी से जुड़ा होगा.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में भ्रष्टाचार और दबाव की राजनीति हावी रही है, जिसे समाप्त करना जरूरी है. शाह ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है.

‘भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और नई नीतियां’

गृह मंत्री ने दावा किया कि राज्य में हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर इन मामलों पर श्वेत पत्र जारी किया जाएगा और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी.

इसके अलावा उन्होंने कहा कि किसानों के हित में बड़े स्तर पर कदम उठाए जाएंगे और बिचौलिया व्यवस्था को खत्म किया जाएगा. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अवैध वसूली जैसी प्रथाओं को समाप्त किया जाएगा.

विकास और कानून व्यवस्था पर जोर

अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल को घुसपैठ से मुक्त करना, कानून का राज स्थापित करना और आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास करना है. उन्होंने कहा कि राज्य को कैडर आधारित राजनीति से मुक्त कर पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू की जाएगी.

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि असम की तर्ज पर जमीन के अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- Sachin Tendulkar Birthday: 53 साल के हुए 'क्रिकेट के भगवान', देखें सचिन तेंदुलकर के 53 ऐतिहासिक रिकॉर्ड