NEET UG Counselling 2026: NEET UG 2026 की काउंसलिंग शुरू होने से पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया पारदर्शी, मेरिट के आधार पर और छात्रों के लिए आसान होनी चाहिए. साथ ही हर अभ्यर्थी की समस्या का जल्द समाधान करने पर भी जोर दिया गया.
बैठक में मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC), डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) और अन्य एजेंसियों ने काउंसलिंग की तैयारियों की जानकारी दी. इसमें पोर्टल, साइबर सुरक्षा, शिकायत निवारण और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई.
अब सिर्फ एक बार कॉलेज में करनी होगी रिपोर्टिंग
इस बार काउंसलिंग में छात्रों को बड़ी राहत दी गई है. अब उन्हें बार-बार कॉलेज जाने की जरूरत नहीं होगी. सीट मिलने के बाद अभ्यर्थी Freeze या Float का विकल्प चुन सकेंगे. अगर कोई छात्र Freeze चुनता है, तो उसे तय समय पर कॉलेज जाकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और प्रवेश शुल्क जमा करना होगा.
वहीं Float विकल्प चुनने वाले छात्र अगले राउंड में बेहतर सीट का इंतजार कर सकेंगे. इस दौरान उनके दस्तावेजों की जांच ऑनलाइन होगी और उन्हें कॉलेज जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अंतिम सीट मिलने के बाद ही कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा.
अब ऑनलाइन छोड़ सकेंगे सीट
इस बार MCC ने ऑनलाइन सीट छोड़ने की सुविधा भी शुरू की है. अगर कोई अभ्यर्थी तय समय के भीतर अपनी सीट छोड़ना चाहता है, तो वह MCC पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकेगा. इसके लिए कॉलेज जाने की जरूरत नहीं होगी.
दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिली बड़ी सुविधा
दिव्यांग (PwBD) अभ्यर्थियों के लिए भी इस बार कई बदलाव किए गए हैं. मेडिकल मूल्यांकन केंद्रों की संख्या 16 से बढ़ाकर 61 कर दी गई है. इसके अलावा अब मेडिकल बोर्ड की ओर से जारी प्रमाणपत्र को एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट कहा जाएगा. अगर कोई अभ्यर्थी मेडिकल बोर्ड के फैसले से संतुष्ट नहीं है, तो वह अपीलीय मेडिकल बोर्ड के पास भी जा सकेगा.
NRI छात्रों की पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
NRI कोटे से दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए अब पूरी प्रक्रिया डिजिटल कर दी गई है. सभी जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड होंगे और उनका सत्यापन भी ऑनलाइन किया जाएगा. ईमेल के जरिए दस्तावेज भेजने की पुरानी व्यवस्था अब खत्म कर दी गई है.
साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन पर खास ध्यान
काउंसलिंग प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए साइबर सुरक्षा को और मजबूत किया गया है. छात्रों की मदद के लिए 24 घंटे टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-102-7637 और ईमेल [email protected] भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि किसी भी समस्या का जल्द समाधान किया जा सके.
जल्द शुरू होगी काउंसलिंग
NTA ने 16 जुलाई 2026 को NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी किया था. अब MBBS, BDS और BSc (ऑनर्स) नर्सिंग की ऑल इंडिया कोटा सीटों के लिए काउंसलिंग जल्द शुरू होने की उम्मीद है. स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने अधिकारियों से कहा है कि काउंसलिंग के दौरान पोर्टल बिना रुकावट काम करे और छात्रों की हर शिकायत का समय पर समाधान किया जाए.
ये भी पढ़ें- देशभर में साइबर ठगों का जाल! रोज 1700 शिकायतें, 5 साल में 32 लाख सिम से फ्रॉड, जानें बचाव के तरीके