दिल्ली-NCR से गुजरात तक भारी बारिश का अलर्ट, 19 राज्यों में IMD की चेतावनी, जानें कल का मौसम अपडेट

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत, गुजरात, ओडिशा और कई अन्य राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है.

Heavy rain alert from Delhi-NCR to Gujarat IMD issues warnings for 19 states tomorrow weather
Image Source: Social Media

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत, गुजरात, ओडिशा और कई अन्य राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है. कई जगहों पर जलभराव और बाढ़ जैसे हालात भी देखने को मिल रहे हैं. मौसम विभाग ने 31 जुलाई के लिए देश के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत कई राज्यों में बारिश का असर देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं कल किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम.

दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी

दिल्ली-NCR में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने 31 जुलाई को भी बारिश का अनुमान जताया है. दिनभर बादल छाए रहने के साथ सुबह, दोपहर और रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हवा में नमी 65 से 85 प्रतिशत तक रह सकती है. हालांकि, दिल्ली के लिए किसी बड़े खतरे की चेतावनी जारी नहीं की गई है.

उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 31 जुलाई को बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में मौसम कुछ हद तक सामान्य रह सकता है. हालांकि, 3 अगस्त से प्रदेश में बारिश का असर बढ़ने की संभावना है. 3 से 5 अगस्त के बीच पूरे उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

गुजरात में भारी बारिश का रेड अलर्ट

गुजरात में मानसून का असर काफी तेज है. मौसम विभाग ने 31 जुलाई को अहमदाबाद समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. यहां बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण गुजरात के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है. अहमदाबाद, बोटाद, जामनगर, आनंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, तापी, नवसारी, वलसाड और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

अहमदाबाद में करीब 8 इंच तक और नर्मदा जिले में 12 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं सुरेंद्रनगर, राजकोट, अमरेली, गांधीनगर, खेड़ा, पंचमहल और दाहोद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

राजस्थान में भी तेज बारिश का अनुमान

राजस्थान में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. वहीं कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है.

बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट

बिहार में भी मानसून का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 31 जुलाई से 5 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश का अनुमान जताया है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, 31 जुलाई को गुजरात, महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में भी भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें.

ये भी पढ़ें- रूस ने यूक्रेन पर बरपाया कहर, एक साथ कई शहरों पर दागी कई मिसाइलें, भारी तबाही की आशंका