Bhawanipur Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के परिणाम ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) की तगड़ी शिकस्त के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को खुद भी अपनी ही विधानसभा सीट भवानीपुर से हार का सामना करना पड़ा. यह हार न केवल ममता बनर्जी के लिए व्यक्तिगत रूप से एक बड़ा झटका है, बल्कि यह बंगाल की राजनीति के लिए भी एक ऐतिहासिक पल है. भवानीपुर सीट पर बीजेपी के नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से हराया, जो पश्चिम बंगाल की सियासत में नए सवाल खड़े कर रहा है.
भवानीपुर में बड़ा मुकाबला
भवानीपुर सीट ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ मानी जाती रही है. यहां से ममता ने पहले भी चुनाव जीते थे, लेकिन इस बार सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें कड़ी टक्कर दी. चुनाव के शुरुआती रुझानों में दोनों के बीच अंतर बहुत कम था, लेकिन जैसे-जैसे मतगणना के राउंड बढ़े, सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर बढ़त बना ली.
अंततः वह 73,917 वोटों के साथ विजयी रहे, जबकि ममता को 58,812 वोट ही मिल पाए. इस चुनावी टक्कर में तीसरे और चौथे नंबर के उम्मीदवारों को केवल 3,556 और 1,257 वोट ही मिले, जिससे साफ था कि यह मुकाबला सीधे ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच था.
TMC की हार का कारण
इस हार को लेकर कई विश्लेषक यह मान रहे हैं कि TMC और ममता बनर्जी दोनों ही इस बार सत्ता विरोधी लहर, कानून-व्यवस्था की समस्या और बीजेपी की आक्रामक प्रचार रणनीति से निपटने में असफल रहे. बीजेपी ने अपने संगठनात्मक स्तर पर मजबूती दिखाई और बड़े पैमाने पर चुनाव प्रचार किया, जिसका असर साफ तौर पर नजर आया. इसके अलावा, स्थानीय मुद्दों और ममता सरकार के खिलाफ आम जनता के असंतोष ने भी इस परिणाम को प्रभावित किया.
ये भी पढ़ें: बंगाल आज भय मुक्त हुआ है... पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत पर बोले पीएम मोदी, राजनीतिक हिंसा पर की ये अपील