Weather: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 23 जून को 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, केरल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 24 और 25 जून को भी मौसम लगभग ऐसा ही रह सकता है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, झांसी, अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार का मौसम
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और अररिया समेत कई इलाकों में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में 23 से 26 जून तक कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और चंबा सहित कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है.
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के जयपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा, अलवर और श्रीगंगानगर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
तमिलनाडु का मौसम
तमिलनाडु के कुछ जिलों में 23 से 27 जून तक भारी बारिश की संभावना है. नीलगिरी, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी और शिवगंगा जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
अरुणाचल प्रदेश का मौसम
अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 जून तक व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है. 23 से 26 जून के बीच कई जगहों पर तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार कई राज्यों में तेज हवाएं और आंधी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. ऐसे में किसानों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: सिंह राशि के लिए रोमांस भरा दिन, इनके रिश्तों में आएगा उतार-चढ़ाव, जानें आज का लव राशिफल