होटल के पैसे नहीं, तो सड़क पर भटकते रहे पाकिस्तानी खिलाड़ी, ऑस्ट्रेलिया में हुई इंटरनेशनल बेइज्जती!

पाकिस्तान की राष्ट्रीय हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर बेहद शर्मनाक हालात का सामना करना पड़ा.

Pakistan Hockey Team Financial Crisis Stranded On Canberra Streets
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

कैनबरा: पाकिस्तान की राष्ट्रीय हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर बेहद शर्मनाक हालात का सामना करना पड़ा. होटल का भुगतान न होने की वजह से खिलाड़ी और टीम अधिकारी कई घंटों तक सड़क पर भटकते रहे. टीम यहां एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के मुकाबले खेलने आई थी, लेकिन मैदान पर उतरने से पहले ही अव्यवस्था ने खिलाड़ियों को परेशान कर दिया.

टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, Pakistan Hockey Federation और Pakistan Sports Board के बीच सही तालमेल न होने और पैसों की कमी के कारण यह स्थिति बनी. खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए कैनबरा के एक चार सितारा होटल में कमरे बुक किए गए थे. टीम को बताया गया था कि रहने का पूरा भुगतान पहले ही कर दिया गया है, लेकिन जब खिलाड़ी होटल पहुंचे तो वहां उनके नाम से कोई पुख्ता बुकिंग मौजूद नहीं थी.

लंबी यात्रा के बाद भी आराम की जगह नहीं

लंबी फ्लाइट के बाद जब टीम होटल पहुंची, तब खिलाड़ियों के पास आराम करने की कोई जगह नहीं थी. समय के अंतर की वजह से मुख्य कोच Tahir Zaman तुरंत अपने देश के अधिकारियों से संपर्क नहीं कर पाए. बाद में उन्होंने हालात की जानकारी दी और बताया कि थके हुए खिलाड़ियों के लिए ठहरने का कोई इंतजाम नहीं है.

स्थानीय प्रवासियों की मदद से मिला ठिकाना

आखिरकार कुछ स्थानीय पाकिस्तानी प्रवासियों की मदद से होटल प्रबंधन ने सीमित संख्या में कमरे दिए. मजबूरी में एक-एक कमरे में दो से तीन खिलाड़ियों को ठहराया गया. ठीक से आराम न मिलने का असर अगले मैच में भी दिखा, जहां पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-3 से हार झेलनी पड़ी.

पहले भी मिल चुकी है ऐसी बदइंतजामी

यह पहला मौका नहीं है जब टीम को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले अर्जेंटीना दौरे पर भी खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता नहीं मिल पाया था. इसके अलावा, टीम इस दौरे पर बिना मैनेजर के पहुंची. पूर्व ओलंपियन और टीम मैनेजर Anjum Saeed को फ्लाइट में सिगरेट पीने और सुरक्षा अधिकारियों से बदसलूकी करने के आरोप में पद से हटा दिया गया था.

ये भी पढ़ें- बैन के बवजूद पाकिस्तान में 'धुरंधर' का जलवा, 16 रुपए में बिक रही पायरेटेड CD, देखें कराची का VIDEO