हाइवे पर लैंडिग से लेकर नेशनल डेटा सेंटर तक... जानें पीएम मोदी का असम दौरा क्यों है महत्वपूर्ण

PM Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को असम दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे डिब्रूगढ़-मोरान हाईवे पर बने देश के पहले हाईवे-आधारित इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का उद्घाटन करेंगे.

From landing on the highway to the National Data Centre know why PM Modi Assam tour is important
Image Source: ANI/ File

PM Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को असम दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे डिब्रूगढ़-मोरान हाईवे पर बने देश के पहले हाईवे-आधारित इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का उद्घाटन करेंगे. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री का विमान राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनी इस रनवे पर उतरने और फिर उड़ान भरने वाला है. इसे रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, खासकर भारत-चीन सीमा के पास आपात स्थितियों में पाइटर जेट्स के संचालन के लिहाज से.

डिब्रूगढ़ के मोरान बाईपास पर तैयार की गई यह 4.2 किलोमीटर लंबी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी भारतीय वायु सेना द्वारा डिजाइन की गई है. इसका उद्देश्य आपात हालात, सैन्य अभियानों और आपदा प्रबंधन के समय विमानों को सुरक्षित रूप से उतारने और उड़ाने की सुविधा देना है. ट्रायल के दौरान यहां फाइटर जेट और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सफलतापूर्वक लैंड और टेक-ऑफ कर चुके हैं. यह सुविधा 40 टन तक के फाइटर जेट और 74 टन तक के अधिकतम टेक-ऑफ वजन वाले ट्रांसपोर्ट विमानों को संभाल सकती है. उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री यहां फाइटर जेट, ट्रांसपोर्ट विमान और हेलीकॉप्टरों का हवाई प्रदर्शन भी देखेंगे.

कुमार भास्कर वर्मा सेतु का दौरा

दोपहर करीब 1 बजे प्रधानमंत्री ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का दौरा करेंगे. करीब 3,030 करोड़ रुपये की लागत से बना यह छह लेन वाला एक्स्ट्राडोज्ड प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट पुल गुवाहाटी को नॉर्थ गुवाहाटी से जोड़ता है. यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्स्ट्राडोज्ड पुल है. इसके चालू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर करीब 7 मिनट रह जाएगा. भूकंप संभावित क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए पुल में बेस आइसोलेशन तकनीक और हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल का इस्तेमाल किया गया है. साथ ही ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम से इसकी रियल-टाइम निगरानी होगी.

नेशनल डेटा सेंटर और अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन

दोपहर करीब 1:30 बजे प्रधानमंत्री गुवाहाटी के लाचित घाट पर 5,450 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इनका मकसद कनेक्टिविटी बढ़ाना, डिजिटल ढांचे को मजबूत करना, उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना और सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाना है. कामरूप जिले के अमिंगांव में पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय डेटा सेंटर का उद्घाटन भी किया जाएगा. 8.5 मेगावॉट क्षमता वाला यह आधुनिक डेटा सेंटर सरकारी विभागों के अहम डिजिटल सिस्टम को होस्ट करेगा और आपदा की स्थिति में बैकअप के तौर पर काम आएगा.

ये भी पढ़ें- मुनीर की सेना पर अब BLA बरसाएगी आग! बलूचों ने बनाई ड्रोन आर्मी, ऑपरेशन हेरोफ 2.0 में दिखाई ताकत