Dhurandhar in pakistan: रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर को पाकिस्तान में सिनेमाघरों में रिलीज की इजाजत नहीं मिली थी. इसके बावजूद फिल्म को वहां जबरदस्त लोकप्रियता मिल रही है. ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix पर रिलीज होते ही यह पाकिस्तान में ट्रेंड करने लगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के 12 दिनों के भीतर ही पाकिस्तान में फिल्म को 20 लाख से ज्यादा बार अवैध रूप से डाउनलोड किया गया.
थिएटर में बैन होने के बाद भी फिल्म का क्रेज कम नहीं हुआ. अब यह फिल्म पाकिस्तान के पायरेटेड बाजारों में खुलेआम बिकती नजर आ रही है. कराची के मशहूर रेनबो सेंटर में इस फिल्म की पायरेटेड सीडी और डीवीडी धड़ल्ले से बेची जा रही हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दुकानदार इस फिल्म को “नई भारतीय फिल्म” बताकर बेचते दिखाई दे रहे हैं.
16 रुपये में बिक रही पायरेटेड सीडी
न्यूजीलैंड के यूट्यूबर Karl Rock ने कराची के बाजार से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में दुकानदार फिल्म की पायरेटेड कॉपी महज 50 पाकिस्तानी रुपये में बेचता नजर आ रहा है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 16 रुपये बैठते हैं. इतनी कम कीमत पर फिल्म की बिक्री अवैध बाजार के फैलाव को दिखाती है.
बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड प्रदर्शन
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी. दुनियाभर में फिल्म ने 1340 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली. करीब 250–300 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अपनी जगह बनाई. इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार नजर आए.
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की तैयारी, मार्च 2026 में रिलीज
फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद इसके सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज की घोषणा हो चुकी है. यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली है. रिलीज के दिन इसकी सीधी टक्कर यश की पैन-इंडिया फिल्म Toxic से होगी. ट्रेड से जुड़े लोगों के अनुसार, दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है.
पाकिस्तान और गल्फ देशों में रिलीज क्यों नहीं हुई?
फिल्म को पाकिस्तान और कुछ गल्फ देशों में थिएटर में रिलीज की अनुमति नहीं दी गई थी. वजह यह रही कि फिल्म में पाकिस्तान के ल्यारी इलाके की राजनीति, कंधार हाईजैक, साल 2001 में संसद पर हमला और 26/11 मुंबई आतंकी हमलों जैसी संवेदनशील घटनाओं को दिखाया गया है. इन्हीं कारणों से थिएट्रिकल रिलीज पर रोक लगाई गई थी.
ये भी पढ़ें- IND vs NAM: हार्दिक पांड्या ने की कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी, ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने