लोकसभा में बदली तस्वीर! शिंदे गुट के 6 सांसद को मिली मान्यता, TMC बागियों को भी राहत

Shiv Sena UBT: संसद के मानसून सत्र से पहले देश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में विलय को मंजूरी दे दी है.

Lok Sabha 6 MPs from the Shinde faction granted recognition relief for TMC rebels to
Image Source: Social Media

Shiv Sena UBT: संसद के मानसून सत्र से पहले देश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में विलय को मंजूरी दे दी है. 

इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर नई पार्टी नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) बनाने वाले 20 सांसदों को भी लोकसभा में अलग बैठने की अनुमति मिल गई है.

मानसून सत्र से पहले बड़ा फैसला

20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र से पहले यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने NCPI के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय और उनकी पार्टी के अन्य सांसदों को 19 जुलाई को होने वाली सर्वदलीय बैठक में शामिल होने का निमंत्रण भेजा था.

रिजिजू ने अपने पत्र में कहा कि NCPI के सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से नई पार्टी के रूप में मान्यता देने की मांग की थी. अब उन्हें संसद के कामकाज और आगामी विधायी एजेंडे पर चर्चा के लिए बैठक में बुलाया गया है.

19 जुलाई को होगी सर्वदलीय बैठक

संसद के मानसून सत्र से पहले 19 जुलाई को सुबह 11 बजे संसद भवन एनेक्सी में सर्वदलीय बैठक होगी. इसमें सरकार सभी दलों को सत्र के दौरान पेश होने वाले विधेयकों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी देगी. वहीं विपक्ष भी अपने प्रमुख मुद्दे इस बैठक में उठा सकता है. रिजिजू ने NCPI के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) डॉ. काकोली घोष दस्तीदार को भी बैठक में शामिल होने का न्योता दिया है.

20 जुलाई से शुरू होगा मानसून सत्र

सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जा सकते हैं. साथ ही राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा होने की भी उम्मीद है.

विपक्षी दलों में लगातार टूट

हाल के दिनों में कई विपक्षी दलों में बड़े राजनीतिक बदलाव देखने को मिले हैं. तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसद अलग होकर NCPI में शामिल हो चुके हैं. इसके अलावा टीएमसी के तीन राज्यसभा सांसद भी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए. उधर महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के 6 लोकसभा सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं. इससे पार्टी की ताकत पर असर पड़ा है.

सत्र में इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

मानसून सत्र के दौरान विपक्ष कई बड़े मुद्दों को उठा सकता है. इनमें परीक्षा से जुड़े विवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा, ऑपरेशन सिंदूर और अन्य राजनीतिक विषय शामिल हो सकते हैं. वहीं सरकार कई अहम विधेयकों को सदन में पेश करने की तैयारी में है.

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड, धमाकों से दहला इलाका; 8 लोगों की मौत, कई घायल