राजौरी: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर शुक्रवार देर रात तनाव का माहौल बन गया. सीमा पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद भारतीय सेना ने फायरिंग शुरू की. इसके जवाब में पाकिस्तान की ओर से भी गोलीबारी हुई. दोनों तरफ से करीब दो घंटे तक फायरिंग चलती रही.
घुसपैठ की कोशिश नाकाम
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की आड़ में आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने की कोशिश की गई. हालांकि, भारतीय जवान पहले से सतर्क थे और उन्होंने समय रहते जवाबी कार्रवाई कर इस कोशिश को नाकाम कर दिया.
अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
देर रात शुरू हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे राजौरी के तरकुंडी इलाके में छोटे हथियारों से फायरिंग शुरू हुई. गोलीबारी करीब डेढ़ से दो घंटे तक जारी रही. पूरे इलाके में गोलियों की आवाज गूंजती रही.
सेना ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद शनिवार सुबह सेना और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया. इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं कोई घुसपैठिया इलाके में छिपा तो नहीं है. साथ ही सीमा पर निगरानी और सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सीमा पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
इस बीच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और बलूचिस्तान में भी विरोध प्रदर्शन जारी हैं. रिपोर्टों के अनुसार, कई जगह लोगों ने पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ प्रदर्शन किए हैं. वहीं, बलूचिस्तान में भी सुरक्षा बलों और विद्रोही गुटों के बीच तनाव की खबरें सामने आई हैं.
ये भी पढ़ें- Vikram-1 Rocket Launch: आज अतंरिक्ष में इतिहास रचेगा भारत, अमेरिका-चीन के क्लब में होगा शामिल