Ahmedabad News: गुजरात के अहमदाबाद से शनिवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जहां एक पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. आग के साथ हुए लगातार विस्फोटों ने पूरे इलाके को दहला दिया और कुछ ही मिनटों में खुशियों के लिए तैयार किए जाने वाले पटाखों की फैक्ट्री मातम की वजह बन गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
लगातार धमाकों से मची अफरा-तफरी
यह हादसा अहमदाबाद के महमूदपुरा इलाके के गैट्रेड रोड स्थित टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही देर बाद फैक्ट्री के भीतर एक के बाद एक कई तेज धमाके होने लगे, जिससे आसपास के लोगों में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया. घायलों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां पांच लोगों का इलाज एलजी अस्पताल और चार घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है. अन्य घायल भी विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है.
प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी. जानकारी के अनुसार टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति द्वारा किया जाता है. घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद के महापौर, नगर आयुक्त, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत कार्य तेज किया गया, जबकि दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और फैक्ट्री परिसर में फंसे लोगों की तलाश में लगातार जुटे रहे.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी व फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किस वजह से लगी और कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई थी. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि राहत और बचाव अभियान पूरी तरह समाप्त होने तक मौके पर सभी एजेंसियां तैनात रहेंगी.
ये भी पढ़ें: जबड़े में दबाया, कई बार पटका... 12 साल के बच्चे को जिंदा चबा गया मगरमच्छ, हाथ-पैर धोने गया था मासूम