BLA लड़ाकों के आगे पाकिस्तानी सेना पस्त! PAK रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कुबूला, कहा - आर्मी सक्षम नहीं..

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत को लेकर पहली बार इस्लामाबाद के सत्ता के गलियारे में बड़ा कबूलनामा देखने को मिला है. जहां अब तक हालात पर काबू पाने के दावे किए जाते रहे, वहीं अब खुद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने नेशनल असेंबली में हालात की गंभीरता मान ली है.

Khawaja Asif said Pakistan Army is unable to counter sophisticated weapons of BLA
Image Source: Social Media

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत को लेकर पहली बार इस्लामाबाद के सत्ता के गलियारे में बड़ा कबूलनामा देखने को मिला है. जहां अब तक हालात पर काबू पाने के दावे किए जाते रहे, वहीं अब खुद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने नेशनल असेंबली में हालात की गंभीरता मान ली है. बलोच लिब्रेशन आर्मी के सामने सेना की कमजोर पड़ती स्थिति ने पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

रक्षा मंत्री की चौंकाने वाली कबूलनामा

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने संसद में साफ शब्दों में माना कि सरकार और सेना बलूचिस्तान में बलूच विद्रोहियों का प्रभावी मुकाबला करने में नाकाम रही है. उन्होंने कहा कि हालात इस हद तक बिगड़ चुके हैं कि सेना सिर्फ अपने जवानों के जनाजे उठाने तक सीमित रह गई है. उनका यह बयान पाकिस्तान की सुरक्षा नीति की सच्चाई को उजागर करता है, जिसे लंबे समय से छिपाने की कोशिश की जा रही थी.

विशाल भूभाग बना सेना की सबसे बड़ी चुनौती

ख्वाजा आसिफ ने बताया कि बलूचिस्तान पाकिस्तान के कुल क्षेत्रफल का 40 प्रतिशत से भी ज्यादा हिस्सा है. इतना बड़ा इलाका होने की वजह से वहां निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था कायम रखना बेहद मुश्किल हो गया है. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि लगातार गश्त और ऑपरेशन के चलते सेना के जवान शारीरिक रूप से थक चुके हैं और सीमित संसाधनों के कारण प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं रह गया है.

हथियारों की दौड़ में आगे निकले BLA लड़ाके

रक्षा मंत्री के बयान का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि उन्होंने खुले तौर पर माना कि बलोच लिब्रेशन आर्मी के पास ऐसे अत्याधुनिक हथियार हैं, जो कई मामलों में पाकिस्तानी सेना के पास भी नहीं हैं. उनके मुताबिक विद्रोहियों के पास आधुनिक राइफलें, नाइट विजन डिवाइस, हीट डिटेक्टिंग लेजर और महंगे फुल कॉम्बैट गियर मौजूद हैं. इन हथियारों की कीमत और तकनीक ने पाकिस्तानी सेना की चिंता और बढ़ा दी है.

बीएलए से भय और बातचीत से इनकार

ख्वाजा आसिफ ने बीएलए को आतंकवादी संगठन बताते हुए उनसे किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया. उन्होंने कहा कि जो समूह महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को निशाना बनाता हो, उससे कोई समझौता नहीं किया जा सकता. साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्रोहियों के पास उन्नत अमेरिकी हथियार हैं, जिससे हालात और ज्यादा खतरनाक हो गए हैं.

15 से ज्यादा शहरों में हमले और बढ़ता विद्रोह

रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीएलए ने बलूचिस्तान के 15 से ज्यादा शहरों में हमले करने और 200 से अधिक पाकिस्तानी सुरक्षा कर्मियों को मारने का दावा किया है. इन घटनाओं के बाद पाकिस्तान ने अप्रत्यक्ष रूप से यह स्वीकार कर लिया है कि वह हालात पर पूरी तरह नियंत्रण खो चुका है. 

ये भी पढ़ें: 450 ड्रोन, 70 मिसाइलें... रूस ने यूक्रेन पर फिर किया अटैक, ट्रंप बोले - पुतिन ने अपना वादा नहीं तोड़ा