Udhampur Encounter: जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में आतंकवाद के खिलाफ जारी जंग में सुरक्षा बलों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है. उधमपुर जिले के घने जंगलों में छिपे जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को सुरक्षाबलों ने निर्णायक कार्रवाई में ढेर कर दिया.
जंगलों में छिपे आतंकियों पर सटीक प्रहार
मंगलवार को उधमपुर के रामनगर क्षेत्र के जाफर जंगल में सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन ‘किया’ को अंजाम दिया. खुफिया सूचना के आधार पर काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स डेल्टा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने बसंतगढ़ इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. जांच के दौरान जाफर, गुजरादा और चिगला बालोथा के घने जंगलों में आतंकियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई, जहां वे एक प्राकृतिक गुफा में छिपे हुए थे.
मुठभेड़ के बाद गुफा में जा छिपे आतंकी
सुरक्षा बलों के संपर्क में आते ही आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद करीब एक घंटे तक भीषण मुठभेड़ चली. भारी गोलीबारी और विस्फोटों के बीच एक आतंकी को गोली लगी, लेकिन वह अपने साथी के साथ गुफा के अंदर छिपने में कामयाब हो गया. हालात को देखते हुए इलाके की घेराबंदी और मजबूत कर दी गई.
ड्रोन निगरानी से हुआ आतंकियों का खुलासा
शाम ढलते ही आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया. पैराट्रूपर्स और स्निफर डॉग स्क्वॉड को मौके पर तैनात किया गया. रात भर कोई फायरिंग नहीं हुई, लेकिन बुधवार सुबह ड्रोन निगरानी के दौरान गुफा के भीतर से फायरिंग की गतिविधि साफ तौर पर देखी गई.
विस्फोट से ध्वस्त किया गया गुफा का प्रवेश द्वार
स्थिति को पूरी तरह काबू में लेने के लिए सुरक्षा बलों ने रणनीतिक फैसला लेते हुए गुफा के एंट्री पॉइंट को विस्फोट से उड़ा दिया. इस कार्रवाई में दोनों पाकिस्तानी जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी मौके पर ही मारे गए.
पहले भी सक्रिय रहा है यही आतंकी नेटवर्क
यह उधमपुर जिले में 15 दिसंबर के बाद दूसरा बड़ा एनकाउंटर है. इससे पहले सोआं गांव में हुई मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी शहीद हुआ था, जबकि आतंकी फरार हो गए थे. जनवरी में कठुआ और किश्तवाड़ में हुए एनकाउंटर में जैश का आतंकी उस्मान मारा गया था, जो इसी नेटवर्क का हिस्सा था और लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय था.
ये भी पढ़ें: कोहरे की मोटी चादर में लिपटी दिल्ली, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी.. UP के 23 जिलों के लिए IMD का अलर्ट जारी