कोहरे की मोटी चादर में लिपटी दिल्ली, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी.. UP के 23 जिलों के लिए IMD का अलर्ट जारी

Weather Today: देश के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और उत्तर से लेकर मैदानी इलाकों तक ठंड का असर साफ नजर आने लगा है. कहीं घना कोहरा लोगों की रफ्तार थाम रहा है, तो कहीं पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी ने सर्दी का एहसास और तेज कर दिया है.

Delhi fog Rain and snowfall in himachal and uttrakhand IMD weather alert
Image Source: ANI

Weather Today: देश के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और उत्तर से लेकर मैदानी इलाकों तक ठंड का असर साफ नजर आने लगा है. कहीं घना कोहरा लोगों की रफ्तार थाम रहा है, तो कहीं पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी ने सर्दी का एहसास और तेज कर दिया है. सुबह और रात के समय दृश्यता में भारी गिरावट, तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव और मौसम विभाग की चेतावनियां यह संकेत दे रही हैं कि आने वाले कुछ दिन भी राहत भरे नहीं रहने वाले हैं.

दिल्ली में कोहरे की मोटी चादर

बुधवार को राजधानी दिल्ली पूरी तरह कोहरे की गिरफ्त में नजर आई. सुबह के वक्त हालात ऐसे रहे कि कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से भी नीचे पहुंच गई. सड़कों पर वाहन रेंगते दिखे और आम जनजीवन पर इसका असर पड़ा. मौसम विभाग ने 4 फरवरी के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक राजधानी में न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का रुख

उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने अलग रंग दिखाया है. मौसम विभाग के अनुसार 4 फरवरी से पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियां थम जाएंगी और मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि वातावरण में मौजूद नमी के कारण घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. इसी को ध्यान में रखते हुए आईएमडी ने प्रदेश के 23 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है. राजधानी लखनऊ में 4 फरवरी को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में कोहरे का असर ज्यादा देखा जा सकता है. इसके अलावा सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा और पीलीभीत में भी घने कोहरे के कारण सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा यूपी का मौसम?

आईएमडी के मुताबिक 5 फरवरी को भी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. हालांकि धूप निकलने के बावजूद ठंड से खास राहत मिलने के आसार नहीं हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है. अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना कम बताई गई है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का असर

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. 5 और 6 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इसके साथ ही 9 फरवरी को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें: DRDO को मिली बड़ी सफलता, रामजेट तकनीक का किया सफल परिक्षण; मिसाइलों को मिलेगी ताकत