Iran US War: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. दोनों देशों के बीच जारी सैन्य कार्रवाई के बीच ईरान ने बड़ा फैसला लेते हुए इस्लामाबाद समझौते के तहत अपनी सभी जिम्मेदारियों को फिलहाल रोक दिया है. ईरान का कहना है कि अमेरिका ने पहले ही इस समझौते का पालन नहीं किया, इसलिए अब वह भी इसे लागू नहीं करेगा.
अमेरिका पर समझौता तोड़ने का आरोप
ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि अमेरिका ने इस्लामाबाद समझौते की सभी शर्तों का उल्लंघन किया है. ऐसे में ईरान भी फिलहाल इस समझौते के तहत अपनी जिम्मेदारियों को लागू नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि इस समय देश अपनी सुरक्षा पर पूरा ध्यान दे रहा है.
IRGC ने दी सख्त चेतावनी
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने भी अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है. उसने कहा कि ईरान पर होने वाले हर हमले का उसी तरह जवाब दिया जाएगा.
IRGC ने उन खाड़ी देशों को भी चेताया, जहां अमेरिकी सेना मौजूद है. संगठन ने कहा कि अगर किसी देश की जमीन का इस्तेमाल ईरान पर हमला करने के लिए किया गया, तो उसे भी जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा.
होर्मुज में लगातार बढ़ रहा तनाव
पिछले कई दिनों से होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास अमेरिका और ईरान के बीच जवाबी हमले जारी हैं. दोनों पक्ष एक-दूसरे के सैन्य और अहम ठिकानों को निशाना बना रहे हैं. इससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है.
पाकिस्तान और कुवैत ने की शांति की अपील
बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान और कुवैत ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और कुवैत के विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबाह के बीच फोन पर बातचीत हुई. दोनों नेताओं ने कहा कि सभी पक्षों को पिछले महीने हुए समझौते का सम्मान करना चाहिए और ऐसे कदमों से बचना चाहिए, जिनसे हालात और बिगड़ सकते हैं.
कुवैत ने जताई चिंता
कुवैत के विदेश मंत्री ने अपने देश पर हो रहे हमलों को लेकर चिंता जताई. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पक्ष शांति बनाए रखने की कोशिश करेंगे और समझौते का पालन करेंगे, ताकि क्षेत्र में हालात और खराब न हों.
ये भी पढ़ें- ईरान पर बड़े हमले की आहट? इजराइल में अमेरिकी रिफ्यूलिंग विमानों की भारी तैनाती, क्या है ट्रंप का प्लान?