Indonesia Ferry Accident: जावा सागर में लापता हुई यात्री फेरी, 243 लोग थे सवार, 6 की मौत... 97 लोग रेस्क्यू

Indonesia Ferry Accident: खराब मौसम के बीच जावा सागर में 243 यात्रियों से भरी फेरी लापता हो गई, हादसे में 6 लोगों की मौत और 97 यात्रियों के रेस्क्यू की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी की तलाश जारी है.

indonesia-ferry-missing-java-sea-six-dead-rescue-operation
Image Source: Internet

Indonesia Ferry Accident: इंडोनेशिया के जावा सागर में खराब मौसम के बीच एक यात्री फेरी के लापता होने से हड़कंप मच गया है. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 97 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है. फेरी में कुल 243 लोग सवार थे, ऐसे में बाकी यात्रियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

रात में टूट गया फेरी से संपर्क

लापता हुई फेरी की पहचान Virgo Transport 8 के रूप में हुई है. यह जहाज शनिवार सुबह 10:33 बजे सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन के लिए रवाना हुआ था और रविवार दोपहर करीब 2 बजे वहां पहुंचने वाला था. लेकिन रविवार रात लगभग 2 बजे अचानक जहाज से संपर्क टूट गया. उस वक्त फेरी बंजारमासिन से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण में थी. इसके बाद जहाज की ऑपरेटर कंपनी PT Virgo ने सुबह 4:10 बजे अधिकारियों को पहली बार मदद के लिए सूचना दी. बताया गया कि खराब मौसम के कारण फेरी मुश्किल स्थिति में फंस गई थी.

कई एजेंसियां रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी, नौसेना, समुद्री पुलिस और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू कर दिया. यात्रियों की तलाश के लिए कई जहाजों के साथ एक हेलिकॉप्टर भी तैनात किया गया है. जावा सागर के आसपास मौजूद दूसरे जहाजों को भी सर्च ऑपरेशन में मदद करने और किसी यात्री के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं. राहत और बचाव अभियान की निगरानी के लिए रविवार सुबह त्रिसक्ति पोर्ट इलाके में एक ऑपरेशन सेंटर भी बनाया गया.

अपनों की तलाश में बंदरगाह पहुंच रहे परिवार

हादसे के बाद कई परिवार अपने रिश्तेदारों की जानकारी के लिए बंदरगाह पहुंच रहे हैं. बंजारमासिन की रहने वाली रुस्मिलावती भी अपने 8 रिश्तेदारों की खबर लेने पहुंचीं. उनके रिश्तेदार जावा में कई इस्लामी विद्वानों की कब्रों पर जाने के बाद फेरी से बंजारमासिन लौट रहे थे. परिवार को आखिरी बार एक रिश्तेदार का WhatsApp स्टेटस मिला था, जिसमें उसने समुद्र की तेज लहरों को लेकर डर जताया था. इसके बाद परिवार को उनके सुरक्षित होने की कोई जानकारी नहीं मिल सकी.

इंडोनेशिया में फेरी परिवहन का बड़ा साधन

इंडोनेशिया हजारों द्वीपों से बना देश है और यहां एक द्वीप से दूसरे द्वीप तक आने-जाने के लिए फेरी सेवाओं पर बड़ी संख्या में लोग निर्भर हैं. इससे पहले पिछले महीने मदुरा द्वीप के पास एक अन्य फेरी में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें 5 लोगों की मौत हुई थी. जावा सागर की इस घटना ने एक बार फिर इंडोनेशिया में समुद्री यात्रा और खराब मौसम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल बचाव दल लापता यात्रियों की तलाश में जुटे हैं.

ये भी पढ़ें- कहां और किस हाल में हैं ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई? पेजेश्कियान ने भारत में बैठकर दिया जवाब