फैमिली फोटो से ओपन सेशन तक, फिर 4 देशों के नेताओं से मिलेंगे PM मोदी… जानें BRICS के दूसरे दिन का पूरा शेड्यूल

BRICS समिट के दूसरे दिन सुबह फैमिली फोटो और ओपन सेशन के बाद PM मोदी कजाकिस्तान, फिलीपींस, मिस्र और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्राध्यक्षों से द्विपक्षीय बैठक करेंगे. वहीं, समिट के समापन पर नई दिल्ली डिक्लेरेशन जारी किया जाएगा.

brics-summit-2026-delhi-declaration-pm-modi-schedule
Image Source: ANI

BRICS Summit 2026: दिल्ली में भारत की मेजबानी में आयोजित दो दिवसीय BRICS Summit 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है. 12 सितंबर से शुरू हुए इस सम्मेलन के दूसरे और आखिरी दिन दुनिया की बदलती परिस्थितियों, ग्लोबल गवर्नेंस, बहुपक्षवाद और आर्थिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. समिट के समापन के साथ ही बहुप्रतीक्षित नई दिल्ली डिक्लेरेशन भी जारी किया जाएगा, जिसमें BRICS देशों की साझा प्राथमिकताओं और भविष्य की दिशा की तस्वीर सामने आएगी.

सुबह नेताओं के आगमन से शुरू होगा कार्यक्रम

रविवार सुबह करीब 9:55 बजे BRICS सदस्य देशों, पार्टनर देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों का भारत मंडपम पहुंचना शुरू होगा. यह कार्यक्रम भारत मंडपम के लेवल-2 पर आयोजित किया जाएगा. मौजूदा समय में BRICS के 11 सदस्य देश हैं, जिनमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इंडोनेशिया शामिल हैं.

10:35 बजे होगी BRICS नेताओं की फैमिली फोटो

नेताओं के आगमन के बाद सुबह 10:35 बजे BRICS की आधिकारिक फैमिली फोटो होगी. भारत मंडपम के लेवल-2 पर होने वाली यह तस्वीर सम्मेलन के प्रमुख औपचारिक कार्यक्रमों में शामिल होगी. इसके बाद सभी नेताओं की मौजूदगी में समिट का मुख्य सत्र आगे बढ़ेगा.

10:50 बजे शुरू होगा मुख्य ओपन सेशन

सुबह 10:50 बजे BRICS का मुख्य ओपन सेशन शुरू होगा. इस बार चर्चा का केंद्र Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability: Shaping the Future for Inclusive Global Growth रहेगा. यानी मजबूती, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य तैयार करने पर जोर दिया जाएगा. इसी प्रक्रिया के बाद सम्मेलन के समापन पर नई दिल्ली डिक्लेरेशन जारी किया जाएगा.

BRICS से अलग इन चार नेताओं से मिलेंगे PM मोदी

BRICS के आधिकारिक कार्यक्रमों के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. दोपहर 2:30 बजे मोदी की मुलाकात कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से होगी. इसके बाद दोपहर 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ बैठक निर्धारित है.

दोपहर 3:30 बजे प्रधानमंत्री मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात करेंगे. वहीं शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामफोसा के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी. इन मुलाकातों में आपसी सहयोग और द्विपक्षीय रिश्तों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.

भारत की अध्यक्षता में BRICS का एजेंडा

भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली है. इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में संगठन की अध्यक्षता कर चुका है. इस साल भारत ने Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability को अपनी अध्यक्षता की थीम बनाया है. इसके साथ ही ‘Humanity First’ के सिद्धांत के तहत लोगों को केंद्र में रखने पर विशेष जोर दिया गया है. भारत की अध्यक्षता के दौरान देश के 25 से ज्यादा शहरों में 350 से अधिक बैठकें और हाईलेवल कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं. इनमें BRICS के राजनीतिक और सुरक्षा सहयोग, आर्थिक एवं वित्तीय सहयोग तथा सांस्कृतिक और लोगों के बीच संपर्क से जुड़े तीन प्रमुख क्षेत्रों पर काम किया गया.

दुनिया की बड़ी आबादी और अर्थव्यवस्था का प्रतिनिधित्व

BRICS का वैश्विक प्रभाव लगातार बढ़ा है. मौजूदा सदस्य देशों को मिलाकर यह समूह दुनिया की करीब 49.5 फीसदी आबादी, लगभग 40 फीसदी GDP और 26 फीसदी वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करता है. ऐसे में नई दिल्ली में होने वाला यह सम्मेलन न सिर्फ सदस्य देशों के लिए, बल्कि वैश्विक आर्थिक और कूटनीतिक व्यवस्था के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- मोदी-जिनपिंग मुलाकात से PM के संबोधन और गाला डिनर तक, जानें BRICS समिट में पहले दिन क्या-क्या हुआ?