Asia Cup W: पाकिस्तान की फिर हुई किरकिरी! नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से भारत ने फिर किया इनकार

Women’s Asia Cup 2026: भारतीय महिला टीम की शानदार जीत के बाद ट्रॉफी से जुड़े घटनाक्रम ने मुकाबले का रोमांच बढ़ा दिया. एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने के लिए भारतीय टीम पोडियम पर नहीं पहुंची.

india-wins-womens-asia-cup-2026-trophy-mohsin-naqvi
Image Source: Internet

Women’s Asia Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को फाइनल में 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए और फिर गेंदबाजों के दम पर श्रीलंका की पूरी टीम को 111 रनों पर रोक दिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशिया कप की ट्रॉफी पर आठवीं बार कब्जा जमाया. हालांकि, खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी से जुड़ा एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट के बीच चल रहे तनाव को चर्चा में ला दिया.

मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची भारतीय टीम

एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी फाइनल मुकाबले में चीफ गेस्ट के तौर पर मौजूद थे. उन्होंने श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू को रनर्स-अप का चेक भी सौंपा. लेकिन जब विजेता भारतीय टीम को ट्रॉफी देने की बारी आई, तो भारतीय खिलाड़ी काफी देर तक पोडियम पर नहीं पहुंचीं.

मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर पोडियम पर मौजूद रहे, जबकि भारतीय टीम की ओर से बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी खिलाड़ियों के साथ नजर आए. इसके बावजूद टीम इंडिया ने नकवी के हाथों ट्रॉफी और मेडल लेने से दूरी बनाए रखी. इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर 2025 एशिया कप का विवाद याद आ गया.

2025 में पुरुष टीम ने भी नहीं ली थी ट्रॉफी

पिछले साल पुरुष एशिया कप के फाइनल में भी भारतीय टीम और मोहसिन नकवी के बीच ट्रॉफी को लेकर ऐसा ही विवाद देखने को मिला था. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम ने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. इसके बाद नकवी ट्रॉफी अपने साथ लेकर चले गए थे और रिपोर्ट के मुताबिक भारत को अब तक वह ट्रॉफी नहीं मिली है. अब महिला टीम के फाइनल में भी नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किए जाने के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है.

शेफाली-मंधाना ने रखी जीत की नींव

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. शेफाली वर्मा ने 69 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि स्मृति मंधाना ने 59 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. दोनों की पारियों ने भारत को फाइनल में मजबूत स्थिति में ला दिया.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 111 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि श्री चरणी को तीन सफलताएं मिलीं. भारत ने 72 रन से मुकाबला जीतकर आठवीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली.

ये भी पढ़ें- भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, 8वीं बार जीता वुमेंस एशिया कप का खिताब, श्रीलंका को 72 रनों से हराया