भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, 8वीं बार जीता वुमेंस एशिया कप का खिताब, श्रीलंका को 72 रनों से हराया

Women's Asia Cup 2026: दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने पूरे टूर्नामेंट पर अपनी छाप छोड़ दी. वुमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 72 रनों से शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया.

India-Wins-Womens-Asia-Cup-Final-Against-Sri-Lanka
Image Source: Social Media

Women's Asia Cup 2026: दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने पूरे टूर्नामेंट पर अपनी छाप छोड़ दी. वुमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 72 रनों से शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 111 रन पर सिमट गई. इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया.

शेफाली-मंधाना ने मचाई तबाही

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रनों की शानदार साझेदारी कर श्रीलंका के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. शेफाली ने महज 39 गेंदों में 68 रन ठोक दिए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं स्मृति मंधाना ने भी 39 गेंदों पर 59 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे. दोनों के आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई और टीम ने 54 रन के भीतर अपने अगले चार विकेट गंवा दिए. ऋचा घोष ने 17, हरमनप्रीत कौर ने 14 और जी. कमालिनी ने नाबाद 15 रन बनाए.

भारत के 183 रन के जवाब में लड़खड़ाई श्रीलंका

184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. महज 4 रन के स्कोर पर इमेशा दुलानी आउट हो गईं, हालांकि इसके बाद कप्तान चमारी अट्टापट्टू और विश्मी गुनारत्ने ने पारी संभालने की कोशिश की. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी हुई, लेकिन अट्टापट्टू के 36 रन बनाकर आउट होते ही श्रीलंका की बल्लेबाजी बिखर गई. विश्मी ने 20 और नीलाक्षी सिल्वा ने 22 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका.

श्री चरनी ने बरपाया कहर

श्रीलंका की पारी को समेटने में भारतीय गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई. श्री चरनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके और श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज पूरे 20 ओवर भी नहीं टिक सके और टीम 111 रन पर ऑल आउट हो गई. इस तरह भारत ने फाइनल 72 रनों से जीतकर महिला एशिया कप पर एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया और 8वीं बार चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की.

ये भी पढ़ें: IND vs AFG: अभिषेक शर्मा के तूफान में उड़ा अफगानिस्तान, पहले T20 में टीम इंडिया ने 7 विकेट से रौंदा