BJP की नई टीम पर मंथन तेज; अमित शाह और नितिन नवीन के बीच चली लंबी बैठक; जल्द हो सकते हैं बड़े नामों का ऐलान

BJP Central Team Reshuffle: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच करीब तीन घंटे चली बैठक के बाद संगठन में बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि नई कार्यकारिणी में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां मिल सकती हैं.

India politics bjp central team reshuffle Amit Shah and Nitin Navin meeting
Image Source: Internet

BJP Central Team Reshuffle: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन में संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. इसी बीच गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. जानकारी के अनुसार यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.

करीब तीन घंटे चली अहम बैठक

जानकारी के मुताबिक यह बैठक अमित शाह के आवास पर आयोजित हुई, जिसमें बीजेपी के संगठन महासचिव बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि बैठक लगभग तीन घंटे तक चली. हालांकि पार्टी की ओर से बैठक के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने और नई केंद्रीय टीम के गठन पर गंभीर चर्चा हुई.

नई राष्ट्रीय टीम को लेकर मंथन

जानकारी के मुताबिक, जनवरी में पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन अपनी पहली राष्ट्रीय टीम को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में जुटे हैं. नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए कुछ ऐसे नेताओं को भी संगठन में लाने पर विचार किया जा रहा है, जो फिलहाल सरकार में अहम पदों पर कार्यरत हैं.

जल्द हो सकती है नामों की घोषणा

पार्टी से जुड़े जानकारों का कहना है कि केंद्रीय टीम के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और नए पदाधिकारियों के नाम जल्द सार्वजनिक किए जा सकते हैं. माना जा रहा है कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की तैयारी की जा रही है.

चुनावी राज्यों पर बीजेपी का फोकस

भारतीय जनता पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटी हुई है. विशेष रूप से उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर तेजी से काम हो रहा है. उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी अपनी नई टीम के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद में लगे हैं. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जनसंपर्क और चुनावी माहौल तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- सिंह-मीन राशियों पर मेहरबान होंगे प्रेम के सितारे, लेकिन कुछ को मिल सकता है दिल तोड़ने वाला झटका; जानें लव राशिफल