Monsoon: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 8 घंटे में 16 राज्यों में होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून अब तेजी से सक्रिय हो गया है. उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग (IMD) ने आज 16 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और कई जगह बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.

Monsoon Heavy rain thunderstorm expected in 16 states IMD issues alert
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Monsoon: देश के कई हिस्सों में मानसून अब तेजी से सक्रिय हो गया है. उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग (IMD) ने आज 16 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और कई जगह बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में अगर आप कहीं यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो पहले मौसम की जानकारी जरूर देख लें.

IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसकी वजह से अगले 5 से 6 दिनों तक देश के मध्य हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ और इलाकों तक आगे बढ़ सकता है.

अगले 5 से 6 दिन कई राज्यों में भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 5 जुलाई के बीच दक्षिण गुजरात और कोंकण, 2 से 4 जुलाई के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ, 3 और 4 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा, जबकि 3 से 5 जुलाई के बीच मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है.

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में आज हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ तेज आंधी भी चल सकती है. मौसम विभाग ने 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है. राजधानी में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, इटावा, फिरोजाबाद, बांदा, कानपुर और कानपुर देहात समेत कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 8 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी और 5 जुलाई से बारिश का दौर और तेज हो सकता है.

बिहार का मौसम

बिहार के भोजपुर, कैमूर, बक्सर, जमुई, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, खगड़िया और मुंगेर समेत कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट है. यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

राजस्थान का मौसम

जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और अलवर समेत कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी चल सकती है. मौसम विभाग ने 5 से 7 जुलाई के बीच पश्चिमी राजस्थान और 7 से 8 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

उत्तराखंड का मौसम

देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर समेत कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 4 से 8 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक जलभराव का खतरा भी बना रहेगा.

हिमाचल प्रदेश का मौसम

शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और किन्नौर समेत कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 5 से 8 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके चलते भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ सकता है.

जम्मू-कश्मीर का मौसम

श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम, डोडा, राजौरी, पुंछ, उधमपुर और कठुआ समेत कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 7 और 8 जुलाई को कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है.

झारखंड का मौसम

रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, देवघर, दुमका, गिरिडीह, पलामू, गढ़वा और साहिबगंज समेत कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 8 जुलाई के बीच राज्य में बारिश और तेज हो सकती है.

ये भी पढ़ें- गाजियाबाद में यूपी पुलिस का एक्शन, मोहित शर्मा मर्डर केस के आरोपी का एनकाउंटर, मुठभेड़ में लगी गोली