तारिक रहमान बनेंगे बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री, शपथ ग्रहण समारोह में भारत समेत 13 देशों को न्योता

बांग्लादेश में हाल ही में हुए आम चुनाव में बड़ी जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान मंगलवार 17 फरवरी को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.

India invited to Tarique Rahman swearing-in ceremony Bangladesh
Image Source: ANI/ File

ढाका: बांग्लादेश में हाल ही में हुए आम चुनाव में बड़ी जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान मंगलवार 17 फरवरी को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उनके शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सहित 13 देशों के प्रमुखों को निमंत्रण भेजा गया है.

जानकारी के अनुसार, कुछ देशों में सप्ताहांत की छुट्टियों के कारण प्रतिनिधियों की उपस्थिति की पुष्टि में थोड़ा समय लग सकता है. यह भी बताया गया है कि समारोह में कौन-कौन शामिल होगा, यह संबंधित नेताओं की उपलब्धता पर निर्भर करेगा.

इन देशों को भेजा गया निमंत्रण

शपथ ग्रहण समारोह के लिए जिन देशों को आमंत्रित किया गया है, उनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका, मालदीव, नेपाल, भूटान, कतर, मलेशिया और ब्रुनेई शामिल हैं.

चुनाव में मिली स्पष्ट बहुमत

बांग्लादेश में 299 सीटों पर हुए चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने 209 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. चुनाव में जीतकर आए नए सांसदों को भी 17 फरवरी को शपथ दिलाई जाएगी. शपथ की प्रक्रिया मुख्य चुनाव आयुक्त की देखरेख में पूरी होगी.

इस बार बदलेगा शपथ ग्रहण का स्थान

आमतौर पर बांग्लादेश में प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास बंगभवन के दरबार हाल में होता रहा है. लेकिन इस बार समारोह राष्ट्रीय संसद भवन के दक्षिणी प्रांगण में आयोजित किया जाएगा.

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस बार ज्यादा मेहमानों को आमंत्रित किया गया है और दरबार हाल में सीमित जगह होने के कारण स्थान बदला गया है.

ये भी पढ़ें- राफेल, Su-30MKI, C-130J... मोरन हाईवे पर लैंड हुए भारतीय वायुसेना के विमान, निहारते रहे पीएम मोदी