Amit Shah In Puducherry: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पुदुचेरी के दौरे पर हैं, जहां उन्हें कई कार्यक्रमों में शामिल होना है. पुदुचेरी में इसी साल विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में अमित शाह की इस यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है. उन्होंने कराईकल में दिवार पर भाजपा का चिन्ह "कमल" बनाकर चुनावी अभियान की शुरुवात की. इसके बाद अमित शाह ने एक सार्वजनिक रैली को भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि यह पुदुचेरी कई तपस्वियों और सिद्धों की भूमि है, और यहीं श्री अरविंद ने भारत के विश्व गुरु बनने का स्वप्न देखा था. मैं पुदुचेरी की इस महान भूमिको प्रणाम करता हूं.
उन्होंने आगे कहा, "पुदुचेरी में पहले जो कांग्रेस की सरकार थी, उसने इसे दिल्ली की कांग्रेस का एटीएम बनाया था. हमने इसे UT बनाया है. हमने पुदुचेरी में राजनीतिक स्थिरता लाई है. मोदी जी ने 2019 में पुलवामा हमले के जवाब में एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों का खात्मा कर दिया. पहले सर्जिकल स्ट्राइक, फिर एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर कर पाकिस्तान के आतंकियों को मजबूत जवाब देने का काम मोदी जी ने किया है."
Puducherry people trust only Modi Ji led NDA. Speaking at a public meeting in Karaikal, Puducherry. https://t.co/yYDZra1x4n
— Amit Shah (@AmitShah) February 14, 2026
पुलवामा हमले के शहीदों को किया नमन
अमित शाह ने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा, "आज के ही दिन 2019 में पुलवामा हमले में हमारे 40 जवान शहीद हो गए थे. मैं उन 40 बहादुर जवानों, जिन्होंने देश के लिए शहादत दी, उन्हें नमन करता हूँ. कांग्रेस के जमाने में आए दिन पाकिस्तान के आतंकवादी हमारे जवानों पर हमला करते थे, और इस तरह के हमले कांग्रेस के समय में रूटीन बन गए थे. उस समय देश के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और गृह मंत्री का कोई रिएक्शन नहीं आता था."
पुदुचेरी में कितने हुए काम?
अमित शाह ने कहा कि 5 साल पहले पुदुचेरी की जनता ने यहां मोदी जी और रंगास्वामी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाई. इस सरकार ने यहां तीन प्रमुख कार्य किए हैं. पहला, यहाँ से भ्रष्टाचार को समाप्त करने का काम किया. दूसरा, पहले की कांग्रेस सरकार ने पुदुचेरी को दिल्ली के मालिकों का एटीएम बना दिया था, लेकिन हमने पुदुचेरी को एक स्वायत्त यूटी बनाने की दिशा में कार्य किया है. और तीसरा, हमने पुडुचेरी में राजनीतिक स्थिरता लाने का काम किया है.
कांग्रेस पर बोला हमला
अमित शाह जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "अगले 5 साल हम 3 सेक्टर पर कंसेंट्रेट करके आगे बढ़ने वाले हैं. पुदुचेरी के मछुआरों का प्रोडक्ट विश्व के बाज़ारों में जाए, ऐसा इकोसिस्टम बनाना है. पुदुचेरी के युवाओं के लिए यहाँ IT, AI और डेटा सेंटर की इंडस्ट्री का केंद्र बनाना है. पुदुचेरी के हर एक युवा के रोज़गार की व्यवस्था का काम एनडीए सरकार को करना है."
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, "नारायण स्वामी की सरकार ने पुदुचेरी को गांधी परिवार का एटीएम बनाकर रखा था. उनका उद्देश्य दिल्ली के हाईकमान की तिजोरी भरना था. अभी-अभी CAG की रिपोर्ट आई है कि 15 हज़ार करोड़ की विकास योजनाओं का पूरा फंड नारायण स्वामी की सरकार चट कर गई है, करप्शन कर लिया है. 15 हज़ार करोड़ का मतलब है पुदुचेरी के 3 साल का बजट."
ये भी पढ़ें- राफेल, Su-30MKI, C-130J... मोरन हाईवे पर लैंड हुए भारतीय वायुसेना के विमान, निहारते रहे पीएम मोदी