PM Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के डिब्रूगढ़ में एक महत्वपूर्ण दौरे के दौरान कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस मौके पर पीएम मोदी ने जनसभा को भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि, नॉर्थ ईस्ट हमारे लिए अष्टलक्ष्मी है. इस साल का बजट अष्टलक्ष्मी के लिए बीजेपी-एनडीए के विजन को और मजबूती देने वाला है. बजट के बाद असम का और नॉर्थ ईस्ट का मेरा ये पहला दौरा है. जिस नॉर्थ ईस्ट को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया, हम उस नॉर्थ ईस्ट की भक्तिभाव से सेवा कर रहे हैं. कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के चलते और जहरीली हो गई है. असम को सावधान रहना होगा.
पीएम मोदी ने कहा, बजट में बहुत ज़्यादा फोकस नॉर्थ ईस्ट को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर है. इस बार असम को टैक्स की जगहों के रूप में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये मिलने वाले हैं. कांग्रेस के समय असम को कैसे पाई-पाई के लिए तरसा कर रखा जाता था. वो आपको अच्छी तरह याद होगा. कांग्रेस के समय असम को टैक्स के हिस्से के रूप में सिर्फ 10 हज़ार करोड़ रुपये मिलते थे.
"असम को 5 गुना ज़्यादा रुपये मिल रहे"
उन्होंने कहा, अब भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस सरकार के मुकाबले 5 गुना ज़्यादा रुपये मिल रहे हैं. अगर पिछले 11 साल की बात करें तो असम को तमाम विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से 5.50 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा मिले हैं. पहले जब भी नॉर्थ ईस्ट का जिक्र होता था तब लोगों को खराब इंफ्रास्ट्रक्चर की याद आती थी. आज यहां ऐसे हाईवे बन रहे हैं जहां ना सिर्फ गाड़ियां चलती हैं, बल्कि हवाई जहाज भी उतर सकते हैं.
पीएम मोदी ने कहा, यह गर्व का पल है. यह असम की बदलती भावना है. इस साल के बजट में नॉर्थ ईस्ट की नीतियों को और ज़्यादा बढ़ाने देने का काम किया गया है. नीतियों में बढ़ोतरी होती है तो रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं. इसलिए हाईवे और दूसरी रोड प्रोजेक्ट्स के लिए असम को हजारों करोड़ रुपये देने का फैसला लिया गया है.
"आज पुलवामा हमले की बरसी"
प्रधानमंत्री ने कहा, आज पुलवामा हमले की बरसी है. मैं इस हमले में जान गंवाने वाले मां भारती के वीर सपूतों को नमन करता हूं. इस आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह आतंकियों को सजा दी, वो पूरी दुनिया ने देखा है. आपने भारत की ये शक्ति ऑपरेशन सिंदूर में भी देखी है. मैं आपसे जानना चाहता हूं कि क्या कभी कांग्रेस में देशहित के लिए इतनी हिम्मत के साथ फैसले करने की ताकत थी क्या?कांग्रेस के नेता ज्यादा से ज्यादा बयान दे सकते हैं.
"कांग्रेस कभी भारत का भला नहीं कर सकती"
कांग्रेस पर और हमला करते हुए पीएम ने कहा, जो कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने से भी इनकार करती हो, जो सवाल करते हैं कि मां भारती क्या होती है, जो मां भारती के नाम तक से परहेज करती हो, जो मां भारती के प्रति जरा सा सम्मान तक नहीं दिखाते, वो कांग्रेस कभी भारत का भला नहीं कर सकती.
"MMC बनकर फिर देश को बांटने में लग गई"
आज की कांग्रेस हर उस विचार, हर उस आतंकी को कंधे पर बिठाती है, जो देश का बुरा सोचता है. जो लोग देश के टुकड़े-टुकड़े करने का सपना देखते हैं, जो लोग नॉर्थ ईस्ट को भारत से अलग करने के नारे लगाते हैं वो कांग्रेस के लिए पूजनीय बन चुके हैं. आजादी के समय मुस्लिम लीग ने देश का बंटवारा कराया. अब आज की कांग्रेस, मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस यानी MMC बनकर फिर देश को बांटने में लग गई है.
"कांग्रेस से सावधान रहना है"
पीएम ने कहा, आपको कांग्रेस से सावधान रहना है और असम की जनता को भी सावधान करना है. कांग्रेस के समय में 3G और 4G टेक्नोलॉजी आई, 2G के घोटाले भी आए लेकिन नार्थ-ईस्ट तक, असम तक उसे तेजी से पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने मेहनत ही नहीं की. जब भाजपा सरकार में 5G टेक्नोलॉजी आई तो हमने इस टेक्नोलॉजी को असम सहित पूरे नार्थ-ईस्ट के गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए काम किया.
पीएम मोदी ने ELF का किया उद्घाटन
पीएम मोदी ने असम के डिब्रूगढ़ स्थित मोरान बाईपास पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का उद्घाटन किया, जो नॉर्थईस्ट इंडिया में अपनी तरह की पहली सुविधा है. इस मौके पर उन्होंने फाइटर जेट्स, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर का हवाई प्रदर्शन भी देखा.
कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ने वाले ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया. यह पुल लगभग 3,030 करोड़ रुपये की लागत से बना है और नॉर्थईस्ट इंडिया का पहला एक्सट्राडोज्ड प्रीस्ट्रेस्ड कंक्रीट (PSC) पुल है, जो यातायात की गति को बढ़ाने में मदद करेगा.
IIM गुवाहाटी के टेम्पररी कैंपस का उद्घाटन
मोदी जी ने अपने दौरे के दौरान गुवाहाटी में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) के टेम्पररी कैंपस का भी उद्घाटन किया. इस पहल से नॉर्थईस्ट में उच्च शिक्षा और प्रबंधन शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, जो क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है.
इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने PM-eBus सेवा के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाई. ये बसें गुवाहाटी, नागपुर, भावनगर और चंडीगढ़ जैसे शहरों में परिचालित की जाएंगी, जो पर्यावरण के अनुकूल परिवहन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
ये भी पढ़ें: 4 राज्यों में 1.6 लाख करोड़ रुपए खर्च करने का मेगाप्लान, मोदी कैबिनेट ने लिया ऐतिहासिक फैसला; जानें पूरी डिटेल