AI समिट को लेकर दिल्ली किले में तब्दील, 5000 पुलिसकर्मी और एंटी-ड्रोन तैनात, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक बड़ा टेक आयोजन होने जा रहा है. इंडिया AI इम्पैक्ट समिट का आयोजन राजधानी के भारत मंडपम में किया जाएगा.

AI summit Delhi Security Police and anti drones deployed traffic advisory
Image Source: ANI

AI Summit: दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक बड़ा टेक आयोजन होने जा रहा है. इंडिया AI इम्पैक्ट समिट का आयोजन राजधानी के भारत मंडपम में किया जाएगा. इस कार्यक्रम में देश और दुनिया के टेक विशेषज्ञ, नीति निर्माता और उद्योग जगत के बड़े नाम शामिल होंगे. करीब दो लाख लोगों के आने की संभावना है. सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी रखी गई है कि इसकी तुलना G20 जैसे बड़े आयोजन से की जा रही है.

सख्त सुरक्षा इंतजाम

समिट को देखते हुए दिल्ली में बड़े पैमाने पर सुरक्षा की तैयारी की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक लगभग 5000 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. वीआईपी मेहमानों के ठहरने के लिए चुने गए 10 होटलों में हर होटल पर करीब 100 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं. हर होटल की जिम्मेदारी डीसीपी स्तर के अधिकारी को दी गई है.

कार्यक्रम स्थल पर पांच एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं, जो संदिग्ध ड्रोन की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय कर सकते हैं. इसके अलावा एयर डिफेंस गन भी तैनात की गई हैं. 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें फेस रिकग्निशन, एडवांस वीडियो एनालिटिक्स और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान तकनीक शामिल है. पूरे इलाके की निगरानी के लिए एक मिनी कंट्रोल रूम बनाया गया है.

सुरक्षा एजेंसियों की 20 से 25 एंटी-सैबोटाज टीमें लगातार जांच कर रही हैं. बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वॉड भी तैनात हैं. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की पांच टीमें तैयार रखी गई हैं. विरोध या प्रदर्शन जैसी स्थिति से निपटने के लिए 25 विशेष टीमें भी बनाई गई हैं.

आयोजन स्थल और कार्यक्रम

मुख्य कार्यक्रम भारत मंडपम में होगा. इसके अलावा सुषमा स्वराज भवन और अंबेडकर सेंटर में भी अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे. समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी नई तकनीक, नीतियां और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा होगी.

आम लोगों और छात्रों के लिए व्यवस्था

ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए विशेष योजना बनाई गई है. लोगों को सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी गई है. प्रगति मैदान के पास स्थित गेट से प्रवेश की व्यवस्था की गई है. पार्किंग के लिए आसपास के स्टेडियम और अन्य स्थान तय किए गए हैं और शटल सेवा भी चलाई जाएगी.

स्कूल परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने छात्रों के लिए खास इंतजाम किए हैं. जरूरत पड़ने पर छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद की जाएगी. इसके लिए स्कूल प्रशासन के साथ तालमेल भी बनाया गया है.

ये भी पढ़ें- IND vs PAK: क्या बारिश में धुल जाएगा भारत-पाकिस्तान मैच? जानें कोलंबो के मौसम का ताजा हाल